

रुड़की/हरिद्वार। रक्षाबंधन से महज तीन दिन पहले रुड़की में रिश्तों के कत्ल की ऐसी सनसनीखेज वारदात हुई, जिसने हर किसी को झकझोर कर रख दिया। जिस भाई की कलाई पर कुछ दिन बाद बहनों को राखी बांधनी थी, उसी भाई पर अपनी दो सगी बहनों की गोली मारकर हत्या करने का आरोप है।
वारदात गंगनहर कोतवाली क्षेत्र में हुई। पहले आरोपी ने गणेशपुर की प्रीत विहार कॉलोनी में करीब 50 वर्षीय शकुंतला को गोली मार दी। इसके बाद वह आजाद नगर पहुंचा और अपनी दूसरी बहन 48 वर्षीय पुष्पा को भी गोली मार दी। दोनों बहनों की मौके पर ही मौत हो गई। इस दौरान एक बहन का पति भी गोली लगने से घायल बताया जा रहा है।
एक के बाद एक दो बहनों की हत्या की खबर मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। पुलिस के आला अधिकारी तत्काल दोनों घटनास्थलों पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल के अनुसार, प्रारंभिक जांच में दोनों महिलाओं को उनके भाई द्वारा गोली मारे जाने की बात सामने आई है। हत्या के पीछे की असली वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस की टीमें जुट गई हैं।
रक्षाबंधन से ठीक पहले दो बहनों की हत्या ने भाई-बहन के पवित्र रिश्ते को खून से रंग दिया है। इलाके में दहशत और शोक का माहौल है।




