आदर्श चंपावत के लक्ष्य पर जिला पंचायत की मंथन बैठक, विकास कार्यों में तेजी के निर्देश।

Share This Post

जनप्रतिनिधियों ने उठाए स्थानीय मुद्दे, हर पात्र तक पहुंचे योजनाओं का लाभ-डीएम।

चंपावत। जिला पंचायत चंपावत की मासिक बैठक में मंगलवार को विकास कार्यों की प्रगति की गहन समीक्षा की गई। बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद अधिकारी और जिलाधिकारी मनीष कुमार ने विभिन्न विभागों की कार्यप्रणाली का जायजा लेते हुए अधिकारियों को समयबद्ध, पारदर्शी और जवाबदेह तरीके से कार्य करने के निर्देश दिए। साथ ही लंबित योजनाओं को शीघ्र पूरा कर उनका लाभ आमजन तक पहुंचाने पर जोर दिया गया।
जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद अधिकारी ने कहा कि मुख्यमंत्री की ‘आदर्श चंपावत’ परिकल्पना को साकार करने के लिए सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करना होगा। उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, सड़क और विद्युत जैसी मूलभूत सेवाओं में किसी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए तथा जनप्रतिनिधियों से प्राप्त शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित करने को कहा।

जिलाधिकारी मनीष कुमार ने विभागीय अधिकारियों को सरकारी योजनाओं की जानकारी जनप्रतिनिधियों के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के निर्देश दिए। उन्होंने पर्यटन योजनाओं, होम-स्टे, मानसखंड मंदिर माला मिशन और मातृ-पितृ तीर्थाटन योजना का व्यापक लाभ दिलाने पर बल दिया। साथ ही राशन कार्ड सत्यापन अभियान में तेजी लाने, अपात्र लाभार्थियों पर कार्रवाई करने तथा पारंपरिक जल स्रोतों के संरक्षण के लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।
बैठक के दौरान वन विकास निगम के अधिकारी की अनुपस्थिति पर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त करते हुए जवाबदेही तय करने के निर्देश दिए। साथ ही सभी विभागों को अधूरी योजनाओं को निर्धारित समय सीमा में पूरा करने और विकास कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए।  
बैठक में जिला पंचायत उपाध्यक्ष पुष्पा विश्वकर्मा, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. जी.एस. खाती, जिला पंचायत सदस्य, विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

फोटो_ जिला पंचायत सभागार में आयोजित बैठक में विकास योजनाओं की समीक्षा करते जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद अधिकारी, जिलाधिकारी मनीष कुमार एवं अन्य अधिकारी।


Share This Post