

लक्ष्मी मार्केट के शिविर में क्षार सूत्र से पंचकर्म तक रही पूछ, अग्नि-मर्म चिकित्सा को लेकर भी दिखी दिलचस्पी।
चंपावत। लक्ष्मी मार्केट में लगे तीन दिवसीय आयुर्वेदिक चिकित्सा शिविर में लोगों की अच्छी भागीदारी रही। आयुर्वेदिक एवं यूनानी चिकित्सा विभाग की ओर से आयोजित शिविर में 773 लोगों ने विभिन्न आयुर्वेदिक चिकित्सा पद्धतियों का लाभ लिया। उपचार के साथ लोगों ने आयुर्वेद की अलग-अलग विधियों को समझने और अपनी स्वास्थ्य समस्याओं को लेकर विशेषज्ञों से सलाह लेने में भी रुचि दिखाई।
शिविर में क्षार सूत्र चिकित्सा सबसे ज्यादा चर्चा में रही। चिकित्सकों ने बताया कि बवासीर और भगंदर जैसी समस्याओं के उपचार में इस पद्धति का उपयोग किया जाता है। लोगों ने अपनी समस्याओं को लेकर चिकित्सकों से परामर्श लिया। महिला रोगियों की सुविधा को देखते हुए क्षार सूत्र के लिए महिला चिकित्सक की जरूरत भी सामने आई। शिविर में पंचकर्म, स्वेदन, सर्वांग स्वेदन, शिरोधारा, नेत्र चिकित्सा, नस्य, अग्नि चिकित्सा, जालौका चिकित्सा, काय चिकित्सा, शल्य चिकित्सा, मर्म चिकित्सा, शालाक्य, पोटली स्वेदन और प्रकृति परीक्षण की जानकारी दी गई। अग्नि और मर्म चिकित्सा को लेकर भी लोगों में खासा उत्साह दिखाई दिया।
चिकित्सकों ने लोगों को बताया कि आयुर्वेद में उपचार के साथ खान-पान और दिनचर्या का भी खास महत्व है। शिविर में पानी पीने के सही तरीके, संतुलित आहार और स्वस्थ जीवनशैली की जानकारी दी गई। सुबह लहसुन के सेवन समेत कुछ सामान्य घरेलू स्वास्थ्य उपाय भी बताए गए। चिकित्सकों ने बीमारी की स्थिति में योग्य चिकित्सक से परामर्श लेने की सलाह दी।
जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रकाश बसेड़ा ने बताया कि एक्सीलेंस सेंटर में विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाएं नियमित कराने की तैयारी चल रही है। इसके लिए दो-दो दिन का रोस्टर तैयार किया जा रहा है। इससे लोगों को अलग-अलग आयुर्वेदिक चिकित्सा पद्धतियों के विशेषज्ञों से स्थानीय स्तर पर परामर्श और उपचार की सुविधा मिल सकेगी।
शिविर में डॉ. आनंद सिंह, डॉ. सुधाकर गंगवार, डॉ. गिरेंद्र चौहान और सर्जन डॉ. भास्कर समेत अन्य चिकित्सकों ने सेवाएं दीं। नर्सिंग कॉलेज की छात्राओं ने भी शिविर में पहुंचकर आयुर्वेदिक चिकित्सा पद्धतियों को नजदीक से समझा। कॉलेज की प्रधानाचार्य रावत ने आयुर्वेद से जुड़े अपने अनुभव साझा करते हुए लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया।
फोटो_ लक्ष्मी मार्केट में आयोजित आयुर्वेदिक चिकित्सा शिविर में उपचार और परामर्श लेते लोग।




