

चंपावत। टनकपुर के स्वर्गीय कैलाश गहतोड़ी स्पोर्ट्स स्टेडियम में बृहस्पतिवार को जिले की उभरती खेल प्रतिभाओं का दमखम देखने को मिला। मुख्यमंत्री खिलाड़ी प्रोत्साहन योजना की जिला स्तरीय चयन परीक्षा में 14 से 23 वर्ष आयु वर्ग के 160 युवा खिलाड़ियों ने पसीना बहाकर अपनी प्रतिभा साबित की।
आठ खेलों में हुई चयन प्रक्रिया में एथलेटिक्स के सर्वाधिक 55 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। इसके अलावा फुटबॉल में 32, बॉक्सिंग में 19, हॉकी में 13, कराटे और बास्केटबॉल में 12-12, जूडो में नौ तथा ताइक्वांडो में आठ खिलाड़ियों ने जोर आजमाइश की।
खिलाड़ियों की असली परीक्षा मैदान में हुई। शारीरिक क्षमता, गति और खेल दक्षता परखने के लिए 800 मीटर दौड़, 30 मीटर फ्लाइंग स्टार्ट, मेडिसिन बॉल थ्रो, शटल रन और वर्टिकल जंप जैसी मानकीकृत परीक्षाएं कराई गईं। हर खिलाड़ी ने बेहतर प्रदर्शन कर चयन की दौड़ में जगह बनाने के लिए पूरा जोर लगाया।

नोडल अधिकारी ललित मोहन कुंवर और स्टेडियम प्रभारी गौरव खोलिया की देखरेख में चयन प्रक्रिया निर्धारित मानकों के अनुसार पारदर्शी ढंग से संपन्न हुई। शिक्षा विभाग के कार्मिकों और विभिन्न खेलों के विशेषज्ञ प्रशिक्षकों ने खिलाड़ियों का तकनीकी मूल्यांकन किया।
चयन परीक्षा ने साफ कर दिया कि पहाड़ में खेल प्रतिभाओं की कमी नहीं है, जरूरत उन्हें सही मंच और अवसर देने की है। मुख्यमंत्री खिलाड़ी प्रोत्साहन योजना ऐसे ही उभरते खिलाड़ियों को पहचानकर उन्हें आगे बढ़ने का अवसर देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।
फोटो_मुख्यमंत्री खिलाड़ी प्रोत्साहन योजना की जिला स्तरीय चयन परीक्षा के दौरान प्रतिभा का प्रदर्शन करते युवा खिलाड़ी।



