चंपावत: “जनता का भरोसा नहीं टूटना चाहिए” — डीएम मनीष कुमार का अफसरों को सख्त संदेश।

Share This Post

खराब मौसम के बावजूद जनता मिलन में उमड़ी भीड़, 50 से अधिक लोगों ने रखीं समस्याएं।

चंपावत। जिला प्रशासन द्वारा प्रत्येक सोमवार को आयोजित किए जाने वाले जनता मिलन कार्यक्रम में लोगों का भरोसा लगातार बढ़ता जा रहा है। सोमवार को खराब मौसम के बावजूद करीब 50 लोगों ने जिला मुख्यालय पहुंचकर अपनी समस्याएं जिलाधिकारी मनीष कुमार के समक्ष रखीं।
जनता मिलन कार्यक्रम में जिलाधिकारी ने पूर्व में दिए गए निर्देशों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को साफ शब्दों में चेतावनी दी कि किसी भी स्तर पर जनता का भरोसा टूटना नहीं चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रशासन के लिए भले ही कुछ समस्याएं छोटी लग सकती हैं, लेकिन 50 किलोमीटर दूर से केवल आधार कार्ड ठीक कराने आने वाले व्यक्ति का दर्द समझना जरूरी है।
डीएम ने कहा कि जनता मिलन कार्यक्रम का उद्देश्य केवल शिकायत सुनना नहीं, बल्कि समस्या का समाधान सुनिश्चित करना है। एक बार जब कोई व्यक्ति अपनी समस्या प्रशासन के सामने रख देता है तो उसका समाधान करना प्रशासन का नैतिक दायित्व बन जाता है।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि यदि लोग बार-बार एक ही समस्या को लेकर जिला मुख्यालय के चक्कर काटते रहें तो जनता मिलन कार्यक्रम का कोई औचित्य नहीं रह जाता। ग्रामीण क्षेत्रों से लोग उम्मीद और भरोसे के साथ अपना समय और पैसा खर्च कर यहां पहुंचते हैं, इसलिए उनकी समस्याओं का संवेदनशीलता के साथ निस्तारण होना चाहिए।
जिलाधिकारी ने सख्त लहजे में कहा कि जनभावनाओं के साथ खिलवाड़ किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पूरा प्रशासनिक तंत्र जनता की सेवा के लिए बना है और यदि गांव स्तर पर समस्याओं का समाधान हो जाए तो लोगों को जिला मुख्यालय आने की जरूरत ही न पड़े।
जनता मिलन कार्यक्रम में वृद्धावस्था पेंशन, किसान सम्मान निधि, जंगली जानवरों से खेती और बागवानी की सुरक्षा, सौर ऊर्जा सुविधा, बीपीएल कार्ड, साइबर अपराधों की रोकथाम, आधार कार्ड में जन्मतिथि संशोधन, पेयजल, विद्युत कनेक्शन, सामूहिक शौचालय और पैदल पुल निर्माण सहित विभिन्न समस्याएं सामने रखी गईं। जिलाधिकारी ने सभी मामलों में त्वरित कार्रवाई और समाधान के निर्देश दिए।
कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. जीएस खाती, अपर जिलाधिकारी केएन गोस्वामी, एसडीएम विपिन पंत, एपीडी बीम्मी जोशी, मुख्य शिक्षा अधिकारी मान सिंह समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

फोटो  जनता मिलन कार्यक्रम में लोगों की समस्याएं सुनते जिलाधिकारी मनीष कुमार।


Share This Post