

जिला अस्पताल में बढ़ी मरीजों की संख्या, सुविधाओं का भी हुआ विस्तार
चंपावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के प्रयासों से मॉडल जिले में चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार का असर अब जिला चिकित्सालय में साफ दिखाई देने लगा है। अस्पताल में सुविधाएं बढ़ने के साथ मरीजों की संख्या में भी लगातार इजाफा हो रहा है। इन दिनों प्रतिदिन 500 से अधिक नए मरीज और करीब 250 पुराने मरीज उपचार के लिए पहुंच रहे हैं। इससे बाहर रेफर होने वाले मरीजों की संख्या में भी कमी आई है।
चिकित्सालय में डायलिसिस, एमआरआई समेत कई आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होने के साथ ही आयुष सेवाओं का संचालन भी किया जा रहा है। मरीजों की बढ़ती संख्या के चलते वर्तमान भवन अब छोटा पड़ने लगा है। अस्पताल में दो नए ब्लॉक का निर्माण भी किया जा रहा है।
हालांकि चर्म रोग, मानसिक रोग और प्रसूति रोग विशेषज्ञों की कमी अब भी बनी हुई है। सर्जन डॉ. हिमांशु पांडे अकेले ही बड़ी संख्या में मरीजों का उपचार कर रहे हैं। सीएमएस डॉ. एचएस हयांकी के अनुसार अस्पताल में डॉक्टरों और तकनीकी कर्मचारियों की टीम बेहतर कार्य कर रही है। आपात स्थिति में कुशल तकनीकी कर्मचारियों की उपलब्धता से मरीजों को काफी मदद मिल रही है।
सीएमएस ने मरीजों से चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मियों के साथ सहयोगात्मक व्यवहार करने की अपील की। उन्होंने कहा कि जल्दबाजी में कुछ लोगों द्वारा अभद्र व्यवहार किए जाने से कर्मचारियों का मनोबल प्रभावित होता है। वहीं, रात के समय कुछ नशेड़ी तत्वों द्वारा अस्पताल में उत्पात की शिकायतें भी मिली हैं, जिन पर पुलिस कार्रवाई के प्रयास किए जा रहे हैं।
फोटो_ जिला चिकित्सालय में उपचार के लिए उमड़ी मरीजों की भीड़।




