

मुख्यमंत्री धामी की पहल से मजबूत होगा प्रशासन और मीडिया के बीच समन्वय, पत्रकारों को मिलेंगी बेहतर सुविधाएं।
टनकपुर/चंपावत। आदर्श चंपावत के संकल्प को आगे बढ़ाते हुए टनकपुर में 14 करोड़ 24 लाख 52 हजार रुपये की लागत से मीडिया सेंटर विकसित किया जाएगा। मीडिया सेंटर का भूमि पूजन आज होगा। इसके निर्माण से जनपद के पत्रकारों को बेहतर कार्यस्थल मिलने के साथ प्रशासन और मीडिया के बीच समन्वय को भी नई मजबूती मिलेगी।
मीडिया सेंटर में पत्रकारों को समाचार संकलन, सूचनाओं के आदान-प्रदान, आपसी संवाद और मीडिया संबंधी गतिविधियों के संचालन के लिए व्यवस्थित सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इसके बनने से प्रशासन और पत्रकारों के बीच संवाद का बेहतर मंच तैयार होगा। सरकारी योजनाओं, विकास कार्यों, जनसमस्याओं और जनहित से जुड़े मुद्दों पर सूचनाओं का आदान-प्रदान अधिक प्रभावी हो सकेगा।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के आदर्श चंपावत के संकल्प के तहत प्रस्तावित यह परियोजना जिले में मीडिया के लिए स्थायी आधारभूत सुविधा विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इससे प्रशासनिक सूचनाओं को प्रामाणिकता के साथ समय पर आमजन तक पहुंचाने में भी मदद मिलेगी।
मीडिया सेंटर का निर्माण प्रांतीय खंड, लोक निर्माण विभाग की ओर से कराया जाएगा। इस पहल के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया गया है।




