राम दा फास्ट फूड सेंटर पर एसओजी की छापेमारी, 82.25 ग्राम स्मैक बरामद; नानकमत्ता तक फैला नेटवर्क
टनकपुर (चंपावत)। जिले में नशा तस्करी के खिलाफ चल रहे अभियान के बीच पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए फास्ट फूड सेंटर की आड़ में चल रहे नशे के अवैध कारोबार का भंडाफोड़ किया है। एसओजी टीम ने टनकपुर स्थित राम दा फास्ट फूड सेंटर पर छापेमारी कर 82.25 ग्राम स्मैक समेत नशे का सामान बरामद करते हुए आरोपी को मौके से गिरफ्तार किया।
यह पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक (SP) के दिशा-निर्देशन में संचालित अभियान के तहत की गई, जिसमें एसओजी टीम ने सटीक सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए तस्करी के इस नेटवर्क को उजागर किया।
जानकारी के अनुसार, उक्त फास्ट फूड सेंटर का संचालक खाने-पीने के सामान के साथ-साथ गुपचुप तरीके से नशे की सप्लाई भी कर रहा था। इस संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिलते ही एसओजी प्रभारी कमलेश भट्ट ने टीम के साथ योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया और छापा मारकर आरोपी को रंगे हाथों पकड़ लिया।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से 82.25 ग्राम स्मैक, नशा करने में प्रयुक्त उपकरण और ओप्पो कंपनी का मोबाइल फोन बरामद किया। बरामद स्मैक की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है, जिससे इस कारोबार की गंभीरता का अंदाजा लगाया जा सकता है।
पूछताछ में आरोपी ने चौंकाने वाला खुलासा करते हुए बताया कि इस पूरे नेटवर्क का संबंध नानकमत्ता के एक कुख्यात व्यक्ति से है, जो होम डिलीवरी के माध्यम से नशे की सप्लाई करता था। पुलिस अब इस नेटवर्क की जड़ों तक पहुंचने के लिए व्यापक जांच में जुट गई है।
यह कार्रवाई पुलिस क्षेत्राधिकारी वंदना वर्मा के निर्देशन में एसओजी प्रभारी कमलेश भट्ट के नेतृत्व में अंजाम दी गई। टीम में संदीप पिलख्वाल, हेड कांस्टेबल चंद्र सिंह, घनश्याम, सिपाही ललित चौधरी, कुलदीप सिंह, नासिर और सूरज कुमार शामिल रहे।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि नशे के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इस अवैध धंधे में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
फोटो_टनकपुर में फास्ट फूड सेंटर से नशे का जखीरा बरामद करने के बाद पुलिस टीम।
चंपावत: टनकपुर में फास्ट फूड की आड़ में ‘मौत का कारोबार’ बेनकाब, लाखों की स्मैक के साथ आरोपी गिरफ्तार।
