

12 तोकों को मिलेगी 30 किमी की दूरी से राहत, एनएच बंद होने पर वैकल्पिक मार्ग का भी विकल्प।
चंपावत। दयूरी-चल्थी मोटर मार्ग निर्माण को लेकर एक बार फिर उम्मीद जगी है। शनिवार को जिलाधिकारी मनीष कुमार ने प्रस्तावित सड़क का स्थलीय निरीक्षण किया। डीएम ने अधिकारियों के साथ पूरे प्रस्तावित मार्ग की स्थिति देखी और सड़क निर्माण में आने वाली तकनीकी, भूमि और भूगर्भीय अड़चनों की जानकारी ली।

निरीक्षण के दौरान वन विभाग, लोक निर्माण विभाग और भू-वैज्ञानिक की ओर से किए गए सर्वे की रिपोर्ट भी देखी गई। जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग को प्रस्तावित सड़क की रोड कटिंग और निर्माण का विस्तृत प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए। साथ ही मृदा परीक्षण कराने और भू-वैज्ञानिक रिपोर्ट के आधार पर ही आगे की कार्रवाई करने को कहा। मार्ग में आने वाली राजस्व और वन भूमि की स्थिति स्पष्ट करने के लिए संबंधित पटवारी से भी पूरा विवरण लेने के निर्देश दिए गए हैं। डीएम ने अधिकारियों से कहा कि प्रस्ताव तैयार करते समय सड़क की तकनीकी व्यवहार्यता, भू-स्थल, सुरक्षा और भविष्य में मार्ग के सुचारू संचालन से जुड़े पहलुओं को ध्यान में रखा जाए।
12 तोकों के लिए क्यों जरूरी है सड़क?
ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को बताया कि दयूरी-चल्थी मोटर मार्ग बनने से क्षेत्र के करीब 12 तोकों के लोगों को लगभग 30 किलोमीटर की अतिरिक्त दूरी तय करने से राहत मिलेगी। सड़क बनने के बाद ग्रामीणों की आवाजाही आसान होने के साथ शिक्षा, स्वास्थ्य और कृषि से जुड़े काम भी सुगम होंगे।
एनएच बंद होने पर मिलेगा दूसरा रास्ता_
ग्रामीणों ने बताया कि बरसात में भूस्खलन या अन्य कारणों से राष्ट्रीय राजमार्ग बंद होने पर प्रस्तावित दयूरी-चल्थी सड़क वैकल्पिक संपर्क मार्ग के रूप में काम आ सकती है। इससे क्षेत्र के लोगों को आपात स्थिति में आवागमन का दूसरा विकल्प मिल सकेगा।
डीएम ने ग्रामीणों की समस्याएं और सुझाव सुने तथा अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। फिलहाल सड़क निर्माण की दिशा में अगला कदम लोक निर्माण विभाग की ओर से तैयार किए जाने वाले विस्तृत प्रस्ताव और तकनीकी प्रक्रिया पर निर्भर करेगा।
मौके पर अधिशासी अभियंता लोनिवि मोहन चन्द्र पलड़िया, जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि सुन्दर सिंह बोहरा, पूर्व प्रधान बालम सिंह बोहरा, पूर्व जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि सुरेश जोशी, महेंद्र सिंह नेगी, सूरज सिंह नेगी समेत अन्य ग्रामीण व अधिकारी मौजूद रहे।
फोटो_दयूरी-चल्थी मोटर मार्ग के प्रस्तावित स्थल का निरीक्षण करते जिलाधिकारी मनीष कुमार एवं अधिशासी अभियंता लोनिवि मोहन चंद्र पलड़िया।



