चंपावत: दीदी-बैणी कौथिक की तैयारियों में जुटा प्रशासन, तीन दिन गोरलचौड़ मैदान में सजेगा महिला उद्यमिता का मंच।

Share This Post

20 से 22 दिसंबर तक होगा आयोजन, स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं के उत्पादों और आजीविका गतिविधियों को मिलेगा मंच

चंपावत। गोरलचौड़ मैदान में 20 से 22 दिसंबर तक आयोजित होने वाले ‘दीदी-बैणी कौथिक’ को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। तीन दिवसीय आयोजन में ग्रामीण महिलाओं के हुनर, स्थानीय उत्पादों और स्वरोजगार की ताकत को सामने लाने की तैयारी है।
मुख्य विकास अधिकारी अजय सिंह की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में कार्यक्रम की व्यवस्थाओं को लेकर विभिन्न विभागों के अधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी गईं। बैठक में परिवहन, भोजन, पार्किंग और स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं के लिए आवश्यक सुविधाओं पर विशेष चर्चा हुई।

कार्यक्रम में महिलाओं के आजीविका उत्पादों और स्थानीय गतिविधियों के प्रदर्शन के लिए लाइव स्टॉल लगाए जाएंगे। इसके जरिए महिला स्वयं सहायता समूहों को अपने उत्पादों के प्रचार-प्रसार और विपणन का अवसर मिलेगा। अधिकारियों को ग्रामीण महिलाओं की अधिकाधिक भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
सीडीओ अजय सिंह ने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय से समयबद्ध तैयारियां पूरी करें, ताकि आयोजन सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सके।

बैठक में एपीडी विम्मी जोशी समेत उद्यान, पशुपालन, पूर्ति, स्वास्थ्य, समाज कल्याण और अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

फोटो_ बैठक में ‘दीदी-बैणी कौथिक’ की तैयारियों की समीक्षा करते मुख्य विकास अधिकारी अजय सिंह।


Share This Post