चंपावत: पेट्रोल-डीजल महंगाई पर कांग्रेस का उग्र प्रदर्शन, चंपावत में फूंका मोदी-धामी सरकार का पुतला।

Share This Post

“जनता महंगाई की मार से बेहाल, भाजपा सरकार केवल जुमलों में व्यस्त” — कांग्रेस


चंपावत। पेट्रोल और डीजल की कीमतों में तीन-तीन रुपये की बढ़ोतरी को लेकर जनपद चंपावत में कांग्रेस कार्यकर्ताओं का गुस्सा खुलकर सड़कों पर दिखाई दिया। जिला कांग्रेस कमेटी चंपावत के नेतृत्व में स्टेशन बाजार स्थित मोटर स्टेशन परिसर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का पुतला दहन कर जोरदार प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र और राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए महंगाई को लेकर भाजपा पर सीधा हमला बोला। कार्यक्रम का नेतृत्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष चिराग फर्त्याल, दिग्विजय कार्की, नगर अध्यक्ष एवं ब्लॉक अध्यक्ष उमेश शर्मा ने किया।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि जब से केंद्र में नरेंद्र मोदी सरकार सत्ता में आई है, तब से आम आदमी की कमर महंगाई ने तोड़ दी है। पेट्रोल-डीजल, बिजली, रसोई गैस से लेकर खाद्य पदार्थों तक हर चीज के दाम लगातार बढ़ रहे हैं, जबकि सरकार जनता को राहत देने के बजाय केवल भाषणों और विज्ञापनों में व्यस्त है।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष चिराग फर्त्याल ने कहा कि आज हालात इतने खराब हो चुके हैं कि सोने की कीमतें दो लाख रुपये के पार पहुंच गई हैं, जिससे गरीब और मध्यमवर्गीय परिवार अपने बच्चों की शादी तक सम्मानपूर्वक नहीं कर पा रहे हैं। उन्होंने कहा कि डीजल-पेट्रोल की कीमतों में बढ़ोतरी का सीधा असर परिवहन, खाद्य सामग्री और रोजमर्रा की जरूरतों पर पड़ता है, जिससे महंगाई और भयावह हो जाती है।
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार “डबल इंजन” के नाम पर जनता को सिर्फ महंगाई और आर्थिक बोझ दे रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द पेट्रोल-डीजल की बढ़ी कीमतें वापस नहीं ली गईं तो कांग्रेस सड़क से लेकर सदन तक बड़ा आंदोलन छेड़ेगी। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं में भारी आक्रोश देखने को मिला और स्टेशन बाजार क्षेत्र काफी देर तक राजनीतिक नारों से गूंजता रहा।


Share This Post