चंपावत: प्रकाश तिवारी का मास्टर प्लान, सैन्य-पर्यटन हब बनेगा चंपावत, उपसेना प्रमुख को 11 सूत्रीय मांग पत्र सौंपा।

Share This Post

चंपावत। सामरिक रूप से महत्वपूर्ण और सैनिक बाहुल्य जनपद चंपावत को सैन्य, पर्यटन और आध्यात्मिक हब के रूप में विकसित करने की दिशा में एक ठोस पहल सामने आई है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के ‘मॉडल जिला’ विजन को गति देने के उद्देश्य से विधायक प्रतिनिधि प्रकाश तिवारी ने उपसेना प्रमुख को 11 सूत्रीय मांग पत्र सौंपकर जिले के समग्र विकास का खाका प्रस्तुत किया।
प्रकाश तिवारी ने कहा कि चंपावत को एक आदर्श और आत्मनिर्भर जिला बनाने की परिकल्पना पर तेजी से काम हो रहा है, ताकि यह पूरे हिमालयी क्षेत्र के लिए प्रेरणा बन सके। इसी सोच के तहत सेना से जुड़े संस्थानों और सुविधाओं के विकास पर विशेष जोर दिया गया है।
मांग पत्र में उत्तरकाशी की तर्ज पर नेहरू इंस्टीट्यूट ऑफ माउंटेनियरिंग (NIM) जैसी संस्था और आर्मी स्पोर्ट्स ट्रेनिंग कॉलेज की स्थापना प्रमुख रूप से शामिल है। साथ ही, सेना के अनुपयोगी टैंक और फाइटर विमानों की स्थायी प्रदर्शनी लगाकर युवाओं में सैन्य आकर्षण बढ़ाने का सुझाव भी दिया गया है।
इसके अलावा एक इंटीग्रेटेड सैनिक परिसर बनाने की मांग रखी गई है, जहां सैनिकों और पूर्व सैनिकों को एक ही स्थान पर सभी जरूरी सुविधाएं मिल सकें। तिवारी ने आर्मी म्यूजियम, वॉर मेमोरियल, सैनिक स्कूल और एयर हिस्ट्री म्यूजियम की स्थापना पर भी जोर दिया, जिससे युवाओं में देशभक्ति और रक्षा सेवाओं के प्रति रुचि बढ़े।
उन्होंने कहा कि आपदा प्रभावित इस क्षेत्र में एयर रेस्क्यू सुविधा अत्यंत आवश्यक है, जो आपात स्थिति में जीवन बचाने में अहम भूमिका निभा सकती है। साथ ही नियमित सेना भर्ती रैली, साहसिक खेलों के आयोजन और कैंटोनमेंट बोर्ड की स्थापना की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई।
मांग पत्र में टनकपुर से बागेश्वर रेल लाइन निर्माण को सामरिक और विकासात्मक दृष्टि से जरूरी बताते हुए इसे प्राथमिकता देने की अपील की गई। इसके साथ ही चंपावत में आर्मी इवेंट्स, खेल प्रतियोगिताओं और कॉन्फ्रेंस के आयोजन की संभावनाओं को विकसित करने पर भी बल दिया गया।
उपसेना प्रमुख ने इन मांगों पर सकारात्मक रुख दिखाते हुए आश्वासन दिया कि प्रस्तावों पर उच्च स्तर पर विचार किया जाएगा।

फोटो_ उपसेना प्रमुख को 11 सूत्रीय मांग पत्र देते विधायक प्रतिनिधि प्रकाश तिवारी।


Share This Post