लोहाघाट स्थित 36वीं वाहिनी में आयोजित हुआ “संडे ऑन साइक्लिंग”, कमांडेंट संजय कुमार बोले – फिट जवान ही राष्ट्र की असली ताकत।
लोहाघाट। आईटीबीपी की 36वीं वाहिनी लोहाघाट में रविवार को फिट इंडिया अभियान के तहत “संडे ऑन साइक्लिंग” और “रन फॉर वॉक” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। अभियान में अधिकारियों समेत बड़ी संख्या में जवानों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और फिटनेस के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।
कार्यक्रम का नेतृत्व करते हुए वाहिनी के कमांडेंट संजय कुमार ने कहा कि आईटीबीपी के जवान कठिन से कठिन परिस्थितियों में भी मुस्कुराते हुए अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हैं और उनकी यही ऊर्जा तथा सकारात्मकता उन्हें विशेष बनाती है। उन्होंने कहा कि जवानों का शारीरिक रूप से फिट रहना बेहद जरूरी है और इसके लिए दैनिक जीवन में पैदल चलने तथा साइकिल के उपयोग को बढ़ावा देना चाहिए।
कमांडेंट संजय कुमार ने कहा कि जहां भी संभव हो, वहां वाहनों की जगह पैदल चलने और साइकिल का प्रयोग किया जाना चाहिए। इससे न केवल शरीर सक्रिय रहता है, बल्कि कई बीमारियों से भी बचाव होता है। साथ ही पेट्रोलियम पदार्थों की बचत और पर्यावरण संरक्षण में भी यह महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू किए गए फिट इंडिया अभियान का उद्देश्य भी स्वस्थ और जागरूक भारत का निर्माण करना है।
कार्यक्रम के दौरान जवान हाथों में तिरंगा ध्वज लेकर “भारत माता की जय” के नारों के साथ साइकिलिंग और रन फॉर वॉक करते नजर आए। पूरे परिसर में देशभक्ति और फिटनेस का उत्साह देखने को मिला। इस अभियान में द्वितीय कमान अधिकारी वेगराज मीणा, खान फहद, सहायक सेनानी गौरव कुमार, डॉ. फिलिप गंगटे, सूबेदार मेजर दिनेश बिष्ट, इंस्पेक्टर गोपाल वर्मा, एसआई दरबान सिंह माहरा, एनएन जोशी सहित कई अधिकारी एवं जवान शामिल रहे।
फोटो– लोहाघाट में फिट इंडिया अभियान के तहत हाथों में तिरंगा लेकर साइकिलिंग और रन फॉर वॉक करते आईटीबीपी के अधिकारी एवं जवान।
चंपावत: फिट इंडिया अभियान में जोश के साथ उतरे आईटीबीपी जवान, तिरंगा हाथ में लेकर की साइकिलिंग और रन फॉर वॉक।

