चंपावत: मतदान केंद्रों तक दो किमी से ज्यादा पैदल नहीं चलेंगे मतदाता, डीएम ने दिए निरीक्षण के निर्देश।

Share This Post

पात्र मतदाताओं के नाम जोड़ने के लिए चलेगा अभियान, ईवीएम की जांच और बूथों पर सुविधाओं की भी होगी समीक्षा।

टनकपुर/चंपावत। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी मनीष कुमार ने निर्वाचन तैयारियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को मतदान केंद्रों का स्थलीय निरीक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मतदान केंद्रों के युक्तिकरण में मतदाताओं की सुविधा और दूरी का विशेष ध्यान रखा जाए। किसी भी मतदाता को मतदान के लिए दो किलोमीटर से अधिक पैदल न चलना पड़े।

बुधवार को आयोजित बैठक में जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारियों को अपने क्षेत्रों के मतदान केंद्रों के भवनों की स्थिति और मूलभूत सुविधाओं का निरीक्षण करने को कहा। उन्होंने ईवीएम की प्रथम स्तरीय जांच (एफएलसी) की तैयारियां निर्धारित मानकों के अनुरूप पूरी करने के निर्देश भी दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे। इसके लिए सघन अभियान चलाकर छूटे हुए पात्र नागरिकों से फॉर्म-6 भरवाया जाए और उनके नाम मतदाता सूची में शामिल कराए जाएं। निर्धारित अर्हता तिथियों पर पात्र होने वाले युवाओं को भी चिह्नित कर पंजीकरण के लिए प्रेरित करने को कहा।

उन्होंने कहा कि निर्वाचन संबंधी तैयारियां निरंतर चलने वाली प्रक्रिया हैं। राजनीतिक दलों के साथ प्रत्येक सोमवार को होने वाली बैठकों में भी निर्वाचन संबंधी गतिविधियों की जानकारी साझा की जाती है।

बैठक में उपजिलाधिकारी टनकपुर प्रमोद कुमार, तहसीलदार पिंकी आर्या सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

फोटो_निर्वाचन संबंधी तैयारियों को लेकर अधिकारियों के साथ बैठक करते जिलाधिकारी मनीष कुमार।


Share This Post