धाम की ओर से सभी सामग्री व भंडारे की व्यवस्था, 5 अप्रैल तक करें पंजीकरण।
चंपावत। विश्व प्रसिद्ध मानेश्वर धाम एक बार फिर धार्मिक गतिविधियों का केंद्र बनता जा रहा है। मठाधीश स्वामी धर्मराज पुरी महाराज के नेतृत्व में धाम में लगातार नए धार्मिक आयोजन शुरू हो रहे हैं, जिससे श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।
इसी क्रम में आगामी 19 अप्रैल को मानेश्वर धाम में सामूहिक रूप से यज्ञोपवीत (जनेऊ) संस्कार का आयोजन किया जाएगा। इस विशेष अवसर पर हवन-यज्ञ सहित सभी धार्मिक विधियां विधिवत संपन्न कराई जाएंगी। धाम की ओर से इस आयोजन को लेकर विशेष व्यवस्था की गई है। संस्कार में शामिल होने वाले सभी श्रद्धालुओं के लिए धोती-कुर्ता, यज्ञोपवीत, पूजन सामग्री सहित संपूर्ण व्यवस्था और भंडारा भी धाम द्वारा ही कराया जाएगा।
मठाधीश स्वामी धर्मराज पुरी महाराज ने बताया कि इच्छुक लोग 5 अप्रैल तक अपना पंजीकरण मोबाइल नंबर 7999543325 पर करा सकते हैं। स्वामी जी के नेतृत्व में धाम में धार्मिक गतिविधियों का विस्तार लगातार हो रहा है। प्रत्येक माह की शिव चतुर्दशी को भगवान शिव को भोग लगाने की परंपरा भी शुरू की गई है, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु भाग ले रहे हैं।
स्थानीय लोगों ने इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि मानेश्वर धाम अब धीरे-धीरे अपने पुरातन वैभव की ओर अग्रसर हो रहा है और आने वाले समय में यह बाहरी दुनिया के लिए प्रमुख धार्मिक केंद्र बन सकता है।
फोटो – स्वामी धर्मराज पुरी महाराज (मठाधीश, मानेश्वर धाम)
चंपावत: मानेश्वर धाम में 19 अप्रैल को सामूहिक यज्ञोपवीत संस्कार, श्रद्धालुओं में उत्साह।
