गरीब मरीजों के लिए वरदान बनी पहल, तीन दिन में कई सफल सर्जरी से मिली नई जिंदगी।
लोहाघाट। अद्वैत आश्रम मायावती के धर्मार्थ चिकित्सालय में मानव सेवा की एक प्रेरणादायक मिसाल सामने आई है। गुजरात से आए प्रख्यात सर्जन डॉ. हरेश शाह ने यहां निशुल्क ऑपरेशन शुरू कर दिए हैं, जिससे क्षेत्र के गरीब और जरूरतमंद मरीजों को बड़ी राहत मिल रही है।
पिछले तीन दिनों में कई सफल ऑपरेशन कर डॉक्टरों की टीम ने मरीजों को नई जिंदगी देने का काम किया है। आर्थिक तंगी के कारण जो लोग बड़े अस्पतालों तक नहीं पहुंच पाते थे, उनके लिए यह पहल किसी वरदान से कम नहीं है।
चिकित्सा सेवा के इस अभियान में वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. डी.एस. दुबे के साथ सुब्रत चटर्जी, मनोज और पंकज भी सक्रिय रूप से अपनी सेवाएं दे रहे हैं। चिकित्सालय के प्रभारी स्वामी एकदेवानंद महाराज के अनुसार, डॉ. हरेश शाह जून माह तक अपनी सेवाएं यहां देते रहेंगे। इस पुनीत कार्य से न सिर्फ मरीजों को स्वास्थ्य लाभ मिल रहा है, बल्कि समाज में सेवा और समर्पण की एक नई मिसाल भी कायम हो रही है।
फोटो – मायावती धर्मार्थ चिकित्सालय में ऑपरेशन करते डॉक्टरों की टीम।
चंपावत: मायावती आश्रम में सेवा का संकल्प: गुजरात के प्रख्यात सर्जन डॉ. हरेश शाह ने शुरू किए निशुल्क ऑपरेशन।
