

चिराग फर्त्याल का ऐलान- एकजुटता और संगठन की ताकत से हासिल करेंगे जीत, महेंद्र सिंह मेहरा ने कार्यकर्ताओं में भरा जोश।
लोहाघाट। विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर कांग्रेस ने लोहाघाट में अपनी चुनावी तैयारियों को गति दे दी है। पार्टी के चुनाव कार्यालय का शुभारंभ कर कार्यकर्ताओं ने आगामी चुनाव के लिए कमर कसने का संदेश दिया। कार्यक्रम में संगठन की मजबूती, कार्यकर्ताओं की एकजुटता और चुनावी लक्ष्य को लेकर चर्चा हुई।
वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री महेंद्र सिंह मेहरा ने चुनाव कार्यालय का उद्घाटन किया। कई बार विधानसभा में क्षेत्र का प्रतिनिधित्व कर चुके मेहरा का पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष चिराग फर्त्याल ने कहा कि विधानसभा चुनाव 2027 में जीत हासिल करने के लिए कांग्रेस कार्यकर्ता एकजुट होकर मैदान में उतरेंगे। उन्होंने कहा कि पार्टी की ताकत उसका संगठन और समर्पित कार्यकर्ता हैं। सभी कार्यकर्ताओं को आपसी तालमेल के साथ जनता के बीच सक्रिय रहकर पार्टी की नीतियों और विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाना होगा।
पूर्व कैबिनेट मंत्री महेंद्र सिंह मेहरा ने विश्वास जताया कि हरीश रावत और गणेश गोदियाल के नेतृत्व में कांग्रेस प्रदेश में अपना पुराना गौरव दोबारा हासिल करेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर संगठन को मजबूत बनाने और आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटने का आह्वान किया। अस्वस्थ होने के बावजूद कार्यक्रम में पहुंचे महेंद्र सिंह मेहरा के प्रति आभार जताते हुए चिराग फर्त्याल ने कहा कि वरिष्ठ नेता की मौजूदगी कार्यकर्ताओं के लिए उत्साहवर्धक है। इससे संगठन को मजबूती देने और चुनावी तैयारियों में जुटने की प्रेरणा मिलती है।
कार्यक्रम में शैलेंद्र राय, सुरेश ढेक, विनोद मेहरा, केदार मेहरा, जहीर कुरैशी, रंजीत अधिकारी, अनंत शाह, लोकेश पांडे, सचिन हरीश राज, मनीष महर, अजय गोरखा, चुना कुरैशी, गुड्डू कुरैशी, नाथ सिंह बोहरा, उमेश शर्मा, धीरज नेगी, खीम पाटनी और हेमंत कापड़ी सहित कई पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
फोटो_ लोहाघाट में कांग्रेस चुनाव कार्यालय का उद्घाटन के दौरान पूर्व कैबिनेट मंत्री महेंद्र सिंह मेहरा, मौजूद पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता।




