चंपावत: मुख्यमंत्री की घोषणा से गदगद व्यापार संघ, भवन निर्माण को बताया ऐतिहासिक कदम।

Share This Post

चंपावत। कल हुए एक दिवसीय कार्यक्रम में प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा “व्यापार संघ भवन” निर्माण की घोषणा के बाद चंपावत के व्यापारी वर्ग में जबरदस्त उत्साह और खुशी की लहर दौड़ गई है। व्यापार संघ  ने इस फैसले को ऐतिहासिक बताते हुए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया है।
व्यापार मंडल अध्यक्ष विकास साह ने कहा कि व्यापार संघ की वर्षों पुरानी मांग को स्वीकार कर मुख्यमंत्री ने व्यापारियों को एक बड़ी सौगात दी है। उन्होंने कहा कि यह निर्णय न केवल व्यापारियों के सम्मान को नई ऊंचाई देगा, बल्कि उनके संगठित और सशक्त भविष्य की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा।
अध्यक्ष विकास साह ने कहा कि प्रस्तावित “व्यापार संघ भवन” केवल एक भवन नहीं, बल्कि चंपावत के समस्त व्यापारी वर्ग के लिए एक सशक्त और संगठित केंद्र होगा। यहां से व्यापारिक गतिविधियों को नई दिशा, गति और मजबूती मिलेगी, जिससे व्यापार जगत को व्यापक लाभ पहुंचेगा।
व्यापार संघ के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री की दूरदर्शी सोच और व्यापारियों के हितों के प्रति उनकी संवेदनशीलता की सराहना करते हुए कहा कि इस निर्णय से क्षेत्र के व्यापार को नई मजबूती मिलेगी और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी गति प्राप्त होगी।
व्यापार संघ चंपावत के समस्त पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने मुख्यमंत्री का तहे दिल से आभार व्यक्त करते हुए आशा जताई कि भविष्य में भी इसी प्रकार व्यापारियों को उनका मार्गदर्शन और सहयोग मिलता रहेगा।

फोटो_ मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का स्वागत करते हुए व्यापार संघ के अध्यक्ष विकास साह।


Share This Post