राजमार्गों और प्रवेश द्वारों की सफाई व्यवस्था के लिए ₹50 लाख स्वीकृत, पर्यटन सीजन में दिखेगा स्वच्छ और व्यवस्थित चम्पावत।
चंपावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन में राज्य सरकार ने जनपद चंपावत की स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। जनपद के प्रमुख राष्ट्रीय राजमार्गों, राज्य मार्गों एवं महत्वपूर्ण प्रवेश द्वारों के आसपास सफाई व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए वित्तीय वर्ष 2026-27 हेतु ₹50 लाख की धनराशि स्वीकृत की गई है।
यह धनराशि शहरी विकास निदेशालय द्वारा गठित ‘रिंग फेंस्ड अकाउंट’ के माध्यम से उपलब्ध कराई गई है। योजना का मुख्य उद्देश्य पर्यटन एवं यात्रा मार्गों पर स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाना तथा जनपद में आने वाले श्रद्धालुओं, पर्यटकों और यात्रियों को स्वच्छ एवं सुव्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराना है।
धार्मिक एवं पर्यटन दृष्टि से महत्वपूर्ण जनपद चम्पावत में वर्षभर बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक पहुंचते हैं। ऐसे में राजमार्गों एवं प्रवेश स्थलों पर प्रभावी सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने की दिशा में यह पहल काफी अहम मानी जा रही है।
जिलाधिकारी मनीष कुमार ने बताया कि स्वीकृत धनराशि का उपयोग शासन द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों एवं गुणवत्ता मानकों के अनुरूप किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कार्यों की गुणवत्ता में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा सभी कार्यों की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाएगी।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सफाई कार्यों के दौरान नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल (NGT) के मानकों एवं पर्यावरणीय नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए, ताकि स्वच्छता के साथ पर्यावरण संरक्षण भी बना रहे।
चंपावत: मुख्यमंत्री धामी की पहल से चंपावत को मिली स्वच्छता अभियान की बड़ी सौगात।

