डीएम मनीष कुमार ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश, मोबाइल स्विच ऑफ न रखने की हिदायत।
चंपावत। जनपद में अगले 24 घंटे संभावित भारी से अत्यंत भारी वर्षा को देखते हुए जिला प्रशासन ने आपदा प्रबंधन तंत्र को हाई अलर्ट पर कर दिया है। मौसम विभाग ने 20 जुलाई को जनपद के कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा के साथ कहीं-कहीं अत्यंत भारी वर्षा का रेड अलर्ट जारी किया है।
जिलाधिकारी एवं अध्यक्ष जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण मनीष कुमार ने सभी संबंधित विभागों को अलर्ट मोड पर रहने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तैयारी रखने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि कोई भी अधिकारी या कर्मचारी अपना मोबाइल फोन स्विच ऑफ नहीं रखेगा।
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी देवेंद्र सिंह पटवाल ने बताया कि आईआरएस प्रणाली में नामित सभी अधिकारी हाई अलर्ट पर रहेंगे। एनएच, लोनिवि, पीएमजीएसवाई और एनपीसीसी की टीमें सड़क बाधित होने पर तत्काल मार्ग खोलने की कार्रवाई करेंगी। तहसीलदार और पटवारी अपने क्षेत्रों में रहकर लगातार निगरानी करेंगे। वहीं सभी थाने और पुलिस चौकियां आपदा उपकरणों एवं वायरलेस सेट के साथ अलर्ट रहेंगी।
जिला प्रशासन ने आमजन से भूस्खलन संभावित एवं जलभराव वाले क्षेत्रों में अनावश्यक आवागमन से बचने और मौसम चेतावनी को गंभीरता से लेने की अपील की है।
आपदा की स्थिति में संपर्क करें: 05965-230819, 230703 | टोल फ्री: 1077 | मोबाइल: 9917384226, 7895318895
चंपावत में भारी बारिश का रेड अलर्ट, प्रशासन हाई अलर्ट पर।
