चंपावत: शहादत को सलाम- आईटीबीपी ने शहीद नन्दन सिंह चम्याल को किया नमन।

Share This Post

देवीधुरा/चंपावत। देश की सरहदों की हिफाजत में अपना सर्वोच्च बलिदान देने वाले शहीद सउनि./जीडी नन्दन सिंह चम्याल की शहादत दिवस पर देवीधुरा में वीरता और बलिदान को नमन किया गया। भारत-तिब्बत सीमा पुलिस बल (आईटीबीपी) की 36वीं वाहिनी ने राजकीय इंटर कॉलेज देवीधुरा परिसर स्थित शहीद स्मारक पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित कर शहीद को याद किया।
कार्यक्रम में 36वीं वाहिनी के द्वितीय कमान खान फहद ने शहीद स्मारक पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। आईटीबीपी के अधिकारियों और हिमवीर जवानों के साथ शहीद के परिजनों, शिक्षकों, छात्र-छात्राओं और क्षेत्रवासियों ने भी स्मारक पर पुष्प अर्पित किए। इसके बाद सभी ने दो मिनट का मौन रखकर शहीद नन्दन सिंह चम्याल की शहादत को नमन किया।

वीर नारी को किया सम्मानित_

श्रद्धांजलि कार्यक्रम में शहीद की धर्मपत्नी निर्मला चम्याल को आईटीबीपी की ओर से ‘वीर नारी’ सम्मान प्रदान किया गया। सम्मान के दौरान शहीद परिवार के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए उनके बलिदान को राष्ट्र के लिए अमूल्य बताया गया।


कार्यक्रम में शहीद नन्दन सिंह चम्याल के देश के प्रति समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा को याद किया गया। वक्ताओं ने कहा कि देश की रक्षा के लिए प्राण न्योछावर करने वाले वीर जवानों का बलिदान आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा है। शहीदों की वीरगाथा को याद रखना समाज और राष्ट्र की जिम्मेदारी है।
इस मौके पर निरीक्षक गोपाल वर्मा, उप निरीक्षक महेश पारीक, हिमवीर जवान, शहीद के भाई त्रिभुवन सिंह चम्याल, वाराही माता मंदिर के पीठाचार्य कीर्ति वल्लभ जोशी, ग्राम प्रधान गौरव कुमार, राजकीय इंटर कॉलेज देवीधुरा के प्रधानाचार्य नरेन्द्र नाथ गोस्वामी सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं और क्षेत्रवासी मौजूद रहे।

फोटो/क्लिप_शहीद नन्दन सिंह चम्याल के शहादत दिवस पर देवीधुरा स्थित शहीद स्मारक पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि देते आईटीबीपी अधिकारी, हिमवीर जवान व मौजूद लोग।


Share This Post