

टनकपुर। अवैध जुआ और सट्टे के खिलाफ चंपावत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सार्वजनिक स्थान पर जुआ खेल रहे सात लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से 10,050 रुपये की नकदी, ताश के पत्ते और छह मोबाइल फोन बरामद किए।
पुलिस अधीक्षक रेखा यादव के निर्देश पर जिले में अवैध जुआ, सट्टा और अन्य आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए लगातार चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 17 अगस्त को क्षेत्राधिकारी टनकपुर निहारिका सेमवाल के पर्यवेक्षण में SOG और कोतवाली टनकपुर पुलिस ने शारदा घाट रोड स्थित सार्वजनिक स्थान पर छापा मारकर सात लोगों को जुआ खेलते पकड़ा।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शेर बहादुर, जाहिद हसन, मोहम्मद आसिफ, रजत गुप्ता, मुकेश कुमार, सुनील कश्यप और रवि कश्यप के रूप में हुई है। पुलिस ने सभी के खिलाफ कोतवाली टनकपुर में धारा 13 जुआ अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस अधीक्षक रेखा यादव ने स्पष्ट किया कि जिले में अवैध जुआ, सट्टा और अन्य आपराधिक गतिविधियों को किसी भी सूरत में पनपने नहीं दिया जाएगा। पुलिस टीम में SOG प्रभारी एसआई कमलेश भट्ट, SSI पूरन सिंह तोमर समेत SOG और कोतवाली टनकपुर के पुलिसकर्मी शामिल रहे।
फोटो_शारदा घाट रोड पर जुआ खेलते पकड़े गए सात आरोपियों के साथ पुलिस टीम।




