चंपावत: सड़कों पर निर्माण सामग्री डालने वालों पर प्रशासन सख्त, डीएम ने दिए तत्काल हटाने के निर्देश।

Share This Post

मुख्य मार्गों पर अवैध डंपिंग से बढ़ रहा हादसों का खतरा, जल निकासी और यातायात व्यवस्था भी प्रभावित।


चंपावत। जनपद में सड़कों और मोटर मार्गों पर भवन निर्माण सामग्री डालने वालों के खिलाफ जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। जिलाधिकारी एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अध्यक्ष मनीष कुमार ने मुख्य मार्गों को सुरक्षित और सुचारू बनाए रखने के लिए संबंधित अधिकारियों को कड़े निर्देश जारी किए हैं। जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में निर्माण कार्यों के दौरान कई लोग एवं संस्थाएं भवन निर्माण सामग्री को मुख्य सड़कों और मोटर मार्गों के किनारे अनधिकृत रूप से डंप कर रहे हैं। इससे यातायात व्यवस्था बाधित होने के साथ सड़क दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बढ़ रहा है।
उन्होंने बताया कि सड़कों पर अवैध रूप से रखी जा रही निर्माण सामग्री के कारण जल निकासी व्यवस्था प्रभावित हो रही है, जिससे बरसात के दौरान जलभराव की समस्या भी उत्पन्न हो सकती है। इसके अलावा धूल और गंदगी फैलने से आमजन के स्वास्थ्य पर भी प्रतिकूल असर पड़ रहा है।
डीएम मनीष कुमार ने सभी उपजिलाधिकारियों एवं मोटर मार्गों से संबंधित विभागों को निर्देश दिए हैं कि सड़क किनारे डाली गई निर्माण सामग्री को तत्काल हटाने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक मार्गों पर अतिक्रमण और अव्यवस्था किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिला प्रशासन ने जनपदवासियों से अपील की है कि बिना अनुमति सड़क किनारे निर्माण सामग्री न रखें तथा प्रशासन की इस अभियान में सहयोग करें, ताकि यातायात व्यवस्था सुरक्षित और व्यवस्थित बनी रहे।

फोटो – जिलाधिकारी मनीष कुमार


Share This Post