चंपावत: सेवा का संकल्प बना ऊर्जा का स्रोत, आधी रात तक मरीजों का उपचार कर रहे दंत चिकित्सक।

Share This Post

अद्वैत आश्रम मायावती के निशुल्क दंत चिकित्सा शिविर में तीन दिनों में 218 मरीजों को मिली राहत, रविवार को भी जारी रहेगा शिविर।

लोहाघाट। मन में सेवा और परोपकार की भावना हो तो न काम का बोझ महसूस होता है, न थकान और न ही समय की चिंता। इसका जीवंत उदाहरण इन दिनों अद्वैत आश्रम मायावती के धर्मार्थ चिकित्सालय में देखने को मिल रहा है, जहां कोलकाता से आई दंत चिकित्सकों की टीम लगातार तीन दिनों से निशुल्क दंत चिकित्सा शिविर संचालित कर रही है। डॉ. गौतम बायन के नेतृत्व में डॉ. प्रीति प्रज्ञा, डॉ. श्रुति और डॉ. निर्माल्या मुखर्जी की टीम दूर-दराज के ग्रामीण क्षेत्रों से पहुंच रहे दंत रोगियों का पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ उपचार कर रही है। मरीजों की बढ़ती संख्या के बावजूद चिकित्सकों का उत्साह कम नहीं हुआ है। समय की कमी के कारण टीम देर रात करीब एक बजे तक सर्जरी, रूट कैनाल, कैविटी उपचार और अन्य दंत प्रक्रियाएं कर रही है।

चिकित्सकों का कहना है कि मरीजों के चेहरे पर लौटती मुस्कान और उनसे मिलने वाला स्नेह व आशीर्वाद ही उनकी सबसे बड़ी पूंजी है। उनका कहना है कि लोगों की दुआओं ने उनकी सारी थकान दूर कर दी है और सेवा करने की ऊर्जा कई गुना बढ़ा दी है। उनका मानना है कि ऐसा आत्मिक संतोष उन्हें कहीं और नहीं मिल सकता।
चिकित्सालय के प्रभारी स्वामी एकदेवानंद जी महाराज ने बताया कि दंत चिकित्सकों की टीम का सेवा भाव और कार्यशैली अनुकरणीय है। उन्होंने बताया कि शिविर के तीसरे दिन 80 दंत रोगियों का निशुल्क उपचार किया गया। तीन दिनों में अब तक कुल 218 मरीजों को उपचार का लाभ मिल चुका है। रविवार को भी निशुल्क दंत चिकित्सा शिविर जारी रहेगा।

फोटो_  देर रात तक दंत रोगियों का उपचार एवं रूट कैनाल करते कोलकाता से आई दंत चिकित्सकों की टीम।


Share This Post