

क्विज, पेंटिंग और पोस्टर प्रतियोगिताओं में छात्र-छात्राओं ने दिखाई प्रतिभा।
चंपावत। हिमालय दिवस पर राजकीय इंटर कॉलेज मंच में विद्यार्थियों ने प्रतियोगिताओं के जरिए हिमालय और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। बायफ संस्था की ओर से नेस्ले इंडिया के सहयोग से संचालित समग्र ग्राम विकास कार्यक्रम के तहत क्विज, भाषण, पेंटिंग और पोस्टर प्रतियोगिताएं कराई गईं। विद्यार्थियों ने हिमालय संरक्षण, स्वच्छता, जल संरक्षण और ग्लोबल वार्मिंग जैसे विषयों पर अपनी सोच और रचनात्मकता दिखाई।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि आरसेटी के पूर्व निदेशक जनार्दन चिलकोटी ने कहा कि हिमालय उत्तराखंड की पहचान के साथ ही देश की जीवनरेखा है। हिमालय को बचाने के लिए युवा पीढ़ी को पर्यावरण संरक्षण को अपनी जिम्मेदारी समझना होगा।
क्विज में जीवन नाथ प्रथम, महेन्द्र सिंह द्वितीय और गुड़िया जोशी तृतीय रहीं। पेंटिंग में सौरव राम प्रथम, भाविका द्वितीय और योगेश बोरा तृतीय रहे। पोस्टर प्रतियोगिता में ईशा बोरा प्रथम, तनुजा महर द्वितीय और सौरव नाथ तृतीय रहे। विजेताओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
इस दौरान बायफ संस्था की वरिष्ठ परियोजना प्रबंधक मृणाल आर्या, परियोजना प्रभारी प्रताप रावत, डॉ. दीपक पांगती, परियोजना समन्वयक विमला खर्कवाल, ग्राम प्रधान अनिल महर, प्रधानाचार्य अशोक तिवारी समेत शिक्षक एवं संस्था की टीम मौजूद रही। कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों ने ‘हिमालय बचाओ-पर्यावरण बचाओ’ का संदेश दिया।




