टूटी जिप्सी और उधार की कुर्सियों से शुरू हुआ था चंपावत जिले का सफर!

Share This Post

पहले जिलाधिकारी नवीन चंद शर्मा ने तहसीलदार कार्यालय में दी थी जॉइनिंग, खुद लगाई थी झाड़ू; 29 माह में रखी विकास की बुनियाद।

चंपावत। आज चंपावत जिला विकास की नई पहचान बना रहा है, लेकिन करीब 29 साल पहले यहां बुनियादी सुविधाओं तक का अभाव था। न सरकारी कार्यालय था, न पर्याप्त कर्मचारी और न ही जरूरी संसाधन। जिले को विरासत में मिली थी तो सिर्फ एक पुरानी जिप्सी, जिसका पिछला शीशा तक टूटा हुआ था। ऐसे हालात में जिले के पहले जिलाधिकारी नवीन चंद शर्मा ने संघर्षों के बीच प्रशासनिक व्यवस्था खड़ी करने की शुरुआत की।

15 सितंबर 1997 को उत्तर प्रदेश सरकार ने चंपावत समेत तीन नए जिलों के गठन की घोषणा की थी। उस समय नवीन चंद शर्मा अफ्रीका में थे और उन्हें जिले के गठन की जानकारी तक नहीं थी। चंपावत पहुंचने पर जिला मुख्यालय को लेकर चंपावत और लोहाघाट के बीच विवाद चल रहा था। न थाना था, न पेट्रोल पंप, न वर्कशॉप और न एसडीएम कार्यालय।

हालात ऐसे थे कि शर्मा को तहसीलदार कार्यालय में जॉइनिंग देनी पड़ी। उन्होंने नगर का पैदल भ्रमण कर व्यवस्थाओं को समझा और गोरलचौड़ रोड स्थित जिला सैनिक कल्याण अधिकारी के पुराने भवन की मरम्मत कराकर उसे जिलाधिकारी कार्यालय बनाया। खास बात यह रही कि उन्होंने खुद झाड़ू लगाई और मजदूरों के साथ मरम्मत कार्य में हाथ बंटाया। कार्यालय में बैठने के लिए कुर्सियां तक उधार लेनी पड़ीं।

न बजट था और न पर्याप्त स्टाफ, लेकिन शर्मा ने रात में अगले दिन की कार्ययोजना तैयार कर सुबह से उस पर काम शुरू करने का सिलसिला जारी रखा। पीडब्ल्यूडी के तत्कालीन अधिशासी अभियंता पीएन पति ने भी इस दौरान महत्वपूर्ण सहयोग दिया।

अपने 29 माह के कार्यकाल में शर्मा ने चंपावत को नियोजित तरीके से विकसित करने की परिकल्पना तैयार की। चंपावत के 10 किलोमीटर के दायरे में गांवों का नियोजित विकास और गौड़ी रोड पर सर्किट हाउस बनाने की योजना भी बनाई। उन्होंने मानेश्वर पार्क और सूखीढांग के पास दर्शनीय स्थल विकसित कराए। भविष्य में जल संकट को देखते हुए बड़े पैमाने पर उतीस का रोपण कराया, जो आज पर्यावरण और जल संरक्षण में योगदान दे रहा है।

स्वच्छता के क्षेत्र में भी उन्होंने पॉलिथीन मुक्त चंपावत की मुहिम चलाई। तत्कालीन डीएफओ शेषु कुमार के साथ मिलकर पर्यावरण संरक्षण के कई कार्य किए। हालांकि सीमित संसाधनों और चुनौतियों के कारण उनकी पूरी विकास परिकल्पना साकार नहीं हो सकी।

आज चंपावत के विकास की चर्चा के बीच जिले के शुरुआती संघर्षों को याद करना जरूरी है। जिस प्रशासनिक व्यवस्था की शुरुआत उधार की कुर्सियों और खुद लगाई गई झाड़ू से हुई थी, उसकी बुनियाद नवीन चंद शर्मा ने अपने कार्यकाल में रखी थी।

बॉक्स_पिथौरागढ़ से चली गई ‘श्री’

वर्ष 1997 में चंपावत के अलग जिला बनने पर तत्कालीन पिथौरागढ़ जिलाधिकारी देवेश चतुर्वेदी ने कहा था कि मां पूर्णागिरि धाम, मां बाराही धाम, अद्वैत आश्रम मायावती और गुरुद्वारा रीठा साहिब जैसे प्रसिद्ध स्थल चंपावत में चले गए हैं। मानो पिथौरागढ़ से ‘श्री’ ही चली गई। उन्होंने चंपावत के लोगों को खुशनसीब बताते हुए कहा था कि उन्हें नवीन चंद शर्मा जैसा कर्मयोगी जिलाधिकारी मिला है, जो जिले के भविष्य की मजबूत बुनियाद रख रहा है।

फोटो_ विकास की नई पहचान बना चंपावत जिला। इनसेट में प्रथम जिलाधिकारी नवीन चंद शर्मा।


Share This Post