चंपावत: डीएलएड प्रवेश परीक्षा को लेकर प्रशासन अलर्ट, तीनों केंद्रों के 100 मीटर दायरे में धारा-163 लागू!

Share This Post

18 नवंबर को होगी परीक्षा, शांति व्यवस्था और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए एसडीएम ने जारी किए आदेश

चंपावत। द्विवर्षीय डीएलएड प्रवेश परीक्षा-2026 को शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। 18 नवंबर को आयोजित होने वाली परीक्षा के मद्देनजर चंपावत शहर के तीनों परीक्षा केंद्रों के 100 मीटर की परिधि में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा-163 के तहत निषेधाज्ञा लागू कर दी गई है।

जिलाधिकारी मनीष कुमार के निर्देश पर उप जिलाधिकारी एवं परगना मजिस्ट्रेट विपिन चंद्र पंत ने इस संबंध में आदेश जारी किए हैं। परीक्षा सुबह 10 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक आयोजित होगी।

परीक्षा के लिए अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज चंपावत को नोडल केंद्र बनाया गया है। इसके अलावा राजकीय बालिका इंटर कॉलेज चंपावत और मल्लिकार्जुन स्कूल में भी परीक्षा आयोजित की जाएगी।

एसडीएम ने बताया कि परीक्षा के दौरान कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने तथा किसी भी प्रकार की अवांछनीय गतिविधि रोकने के लिए निषेधाज्ञा लागू की गई है। प्रशासन परीक्षा की शुचिता, पारदर्शिता और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सतर्क है।


Share This Post