

खटीमा, ऊधमसिंह नगर। खटीमा रेलवे स्टेशन के पास खेतलसंडा क्षेत्र में सोमवार देर रात दो लोगों के संदिग्ध परिस्थितियों में शव मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल को सुरक्षित कर जांच शुरू कर दी। दोनों मृतकों की पहचान खटीमा निवासी राजेंद्र सिंह सामंत पुत्र पदम सिंह और जलालपुर, मुरादाबाद निवासी विनोद पुत्र रोशन सिंह के रूप में हुई है।
घटना की सूचना पर फील्ड यूनिट और एफएसएल टीम ने भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू की। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।
खटीमा सीओ नीरज सेमवाल ने बताया कि खेतलसंडा में रेलवे लाइन के पास दो शव मिले हैं, जिनकी शिनाख्त हो चुकी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की स्थिति स्पष्ट होगी।
वहीं उप जिला चिकित्सालय खटीमा के चिकित्सक डॉ. अकलीम ने बताया कि दोनों शव पोस्टमार्टम के लिए लाए गए थे। प्राथमिक पोस्टमार्टम में दोनों के सिर पर चोट के निशान मिले हैं। विसरा रिपोर्ट आने के बाद मामले में स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।
फोटो_खटीमा के खेतलसंडा में रेलवे लाइन के पास दो शव मिलने के बाद घटनास्थल पर जांच करती पुलिस और एफएसएल टीम।




