

3 लाख से अधिक छात्र जुड़े, 140 मेधावी विद्यार्थियों की प्रतियोगी परीक्षा तैयारी का खर्च उठाएगी सरकार
देहरादून। मुख्य सेवक सदन में सोमवार को मुख्यमंत्री युवा विद्यार्थी मंथन कार्यक्रम आयोजित हुआ। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेशभर के छात्र-छात्राओं से संवाद कर उनके सुझाव सुने। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री युवा विद्यार्थी मंथन पोर्टल का शुभारंभ करते हुए ‘मेरे सपनों का उत्तराखंड_ एक विकसित राज्य हेतु मेरा दृष्टिकोण’ विषय पर निबंध प्रतियोगिता शुरू की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 140 विद्यार्थियों को सम्मानित करने के साथ NEET, JEE, CLAT और SAT जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी का खर्च सरकार उठाएगी। कार्यक्रम से 2828 सरकारी और गैर सरकारी विद्यालयों के कक्षा 11वीं-12वीं के तीन लाख से अधिक विद्यार्थी वर्चुअल माध्यम से जुड़े।
संवाद के दौरान विद्यार्थियों ने खेलों को बढ़ावा देने, सप्ताह में चार दिन खेल पीरियड, उच्च शिक्षा, पर्यटन और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े सुझाव दिए। मुख्यमंत्री ने सुझावों को नोट करते हुए अधिकारियों को कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए और कहा कि उपयोगी सुझावों को सरकार की नीतियों में शामिल किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पढ़ाई बोझ नहीं, बल्कि भविष्य संवारने का रास्ता है। विद्यार्थियों को अंकों से अधिक विषय की समझ, संस्कार और अनुशासन पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने युवाओं से लक्ष्य के प्रति निरंतर मेहनत करने का आह्वान करते हुए कहा कि आज के विद्यार्थी ही भविष्य के उत्तराखंड और देश का नेतृत्व करेंगे।
उन्होंने AI के संतुलित इस्तेमाल की सलाह देते हुए कहा कि तकनीक सहयोगी होनी चाहिए, सोचने और सीखने की क्षमता का विकल्प नहीं। साथ ही खेलों को बढ़ावा देने के लिए मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी उन्नयन योजना का भी उल्लेख किया।
इस अवसर पर मीडिया सलाहकार समिति के अध्यक्ष गोविंद बिष्ट, सचिव शिक्षा ज्योति यादव, अपर सचिव नमामि बंसल, महानिदेशक शिक्षा आकांक्षा कोंडे सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
फोटो_ मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी देहरादून में मुख्यमंत्री युवा विद्यार्थी मंथन कार्यक्रम में विद्यार्थियों से संवाद करते हुए।




