

हादसे में एक की हालत गंभीर, हायर सेंटर रेफर; डीएम ने मौके पर पहुंचकर लिया जायजा।
चंपावत, 11 अगस्त। राष्ट्रीय राजमार्ग-09 पर बनलेख के पास मंगलवार दोपहर एक कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में कार सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल एक व्यक्ति को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार UK05 TA 5045 कार में चार लोग सवार थे। मंगलवार दोपहर करीब 3:10 बजे बनलेख के समीप अचानक वाहन अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे खाई में जा गिरा। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ, राजस्व विभाग और स्वास्थ्य विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। स्थानीय ग्रामीणों की मदद से संयुक्त रेस्क्यू अभियान चलाकर खाई में फंसे चारों लोगों को बाहर निकाला गया।
सभी घायलों को 108 एंबुलेंस से जिला चिकित्सालय चम्पावत लाया गया। यहां चिकित्सकों ने नरेश राम को मृत घोषित कर दिया। वहीं हरीश राम की हालत गंभीर होने पर उन्हें हायर सेंटर रेफर किया गया। रोहित कुमार और चमन राम का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है। चारों कार सवार पिथौरागढ़ के बताए जा रहे हैं।
हादसे की जानकारी मिलते ही जिलाधिकारी मनीष कुमार भी मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य का जायजा लिया। उन्होंने घायलों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
सीएमओ डॉ. देवेश चौहान ने बताया कि हादसे में चार लोगों को जिला चिकित्सालय लाया गया था। इनमें एक व्यक्ति को चिकित्सकों ने मृत घोषित किया, जबकि गंभीर घायल को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया है। अन्य दो घायलों का जिला अस्पताल में उपचार किया जा रहा है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस जांच कर रही है।
फोटो_बनलेख सड़क हादसे के बाद मौके पर राहत एवं बचाव कार्य का जायजा लेते जिलाधिकारी मनीष कुमार।






