चंपावत: खेल प्रतिभाओं के लिए खुला करियर का नया मंच, क्रीड़ा विश्वविद्यालय में शुरू होंगे रोजगारपरक पाठ्यक्रम।

Share This Post

खेल विज्ञान, प्रबंधन, पत्रकारिता और कोचिंग में उच्च शिक्षा का मौका; डीएम मनीष कुमार ने युवाओं से प्रवेश लेने की अपील।

चंपावत। खेल प्रतिभाओं को शिक्षा और रोजगार से जोड़ने की दिशा में उत्तराखंड ने बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की पहल पर प्रदेश में पहली बार उत्तराखंड राज्य क्रीड़ा विश्वविद्यालय शुरू किया जा रहा है। शैक्षणिक सत्र 2026-27 से विश्वविद्यालय में खेल शिक्षा, प्रशिक्षण और खेल से जुड़े रोजगारपरक पाठ्यक्रम संचालित होंगे। इससे प्रदेश के युवाओं को खेल के क्षेत्र में उच्च शिक्षा के साथ करियर बनाने का नया अवसर मिलेगा।
विश्वविद्यालय में बैचलर ऑफ स्पोर्ट्स साइंस (BSS), बैचलर ऑफ स्पोर्ट्स मैनेजमेंट (BSM) और बैचलर इन स्पोर्ट्स जर्नलिज्म (BSJ) के चार वर्षीय हॉनर्स विद रिसर्च पाठ्यक्रम शुरू किए जाएंगे। 10+2 उत्तीर्ण विद्यार्थी इन पाठ्यक्रमों में प्रवेश ले सकेंगे। प्रत्येक पाठ्यक्रम में 40 सीटें निर्धारित हैं और शुल्क 28,700 रुपये प्रति सेमेस्टर रखा गया है।
इसके अलावा डिप्लोमा इन स्पोर्ट्स कोचिंग का एक वर्षीय पाठ्यक्रम भी शुरू होगा। इसमें बैडमिंटन, हॉकी, ताइक्वांडो, कराटे, तैराकी, बास्केटबॉल और आइस स्पोर्ट्स में कोचिंग की सुविधा मिलेगी। प्रत्येक खेल में 20 सीटें निर्धारित हैं, जबकि शुल्क 45,100 रुपये प्रतिवर्ष रहेगा। स्नातक पाठ्यक्रमों के लिए हॉस्टल शुल्क 5,500 रुपये प्रति सेमेस्टर और डिप्लोमा के लिए 14 हजार रुपये प्रतिवर्ष निर्धारित किया गया है। पाठ्यक्रम हिंदी और अंग्रेजी दोनों माध्यमों में संचालित होंगे।
जिलाधिकारी मनीष कुमार ने चंपावत के युवाओं से क्रीड़ा विश्वविद्यालय के पाठ्यक्रमों में प्रवेश लेकर इस अवसर का लाभ उठाने की अपील की। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय खेल प्रतिभाओं को बेहतर प्रशिक्षण के साथ शिक्षा और रोजगार से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। इससे भविष्य में खिलाड़ी ही नहीं, बल्कि प्रशिक्षक, खेल प्रबंधक और खेल पत्रकार भी तैयार होंगे।
विश्वविद्यालय के प्रवेश और पाठ्यक्रमों से संबंधित विस्तृत जानकारी UKSSU.in पर उपलब्ध है।

फोटो_मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी।


Share This Post