बच्चों की सुरक्षा के लिए डीएम मनीष कुमार का बड़ा फैसला, एक सप्ताह तक रहेंगे हाफ डे स्कूल
चंपावत। जनपद में लगातार बढ़ रही भीषण गर्मी और हीटवेव के खतरे को देखते हुए जिला प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है। जिलाधिकारी मनीष कुमार ने बच्चों के स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए जनपद के सभी ग्रीष्मावकाश वाले विद्यालयों एवं आंगनबाड़ी केन्द्रों को आगामी एक सप्ताह तक अर्द्धदिवसीय संचालित करने के आदेश जारी किए हैं।
मौसम विज्ञान विभाग देहरादून द्वारा जारी पूर्वानुमान में उत्तराखण्ड के मैदानी क्षेत्रों में हीटवेव और अत्यधिक गर्मी की संभावना जताई गई है। इसी को देखते हुए प्रशासन अलर्ट मोड में आ गया है। आदेशानुसार 22 मई 2026 से जिले के सभी सरकारी एवं गैर-सरकारी विद्यालय — कक्षा 1 से 12 तक — प्रातः 7:00 बजे से अपराह्न 11:30 बजे तक संचालित होंगे। आंगनबाड़ी केन्द्रों पर भी यही व्यवस्था लागू रहेगी।
प्रशासन का कहना है कि बढ़ते तापमान के कारण बच्चों में डिहाइड्रेशन, हीट स्ट्रोक और अन्य स्वास्थ्य समस्याओं का खतरा बढ़ गया है। ऐसे में दोपहर की भीषण गर्मी से पहले बच्चों को घर पहुंचाने के उद्देश्य से यह निर्णय लिया गया है।
जिलाधिकारी मनीष कुमार ने समस्त खण्ड शिक्षा अधिकारियों को निर्देशित किया है कि आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराया जाए। आदेश की अवहेलना पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
वहीं शीतावकाश वाले विद्यालय शासन द्वारा निर्धारित पूर्व समय-सारणी के अनुसार ही संचालित होते रहेंगे।
फोटो_जिलाधिकारी मनीष कुमार।

