18 नवंबर को जिलेभर में चलेगा कृमि मुक्ति अभियान, 1 से 19 साल तक के बच्चों को खिलाई जाएगी एल्बेंडाजोल की गोली।

Share This Post

25 नवंबर को मॉप-अप डे, स्कूल न जाने वाले बच्चों तक भी पहुंचेगी स्वास्थ्य विभाग की टीम।

चंपावत। बच्चों को पेट के कीड़ों से होने वाली बीमारियों से बचाने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने राष्ट्रीय कृमि मुक्ति अभियान की तैयारियां पूरी कर ली हैं। 18 नवंबर को जिलेभर में अभियान चलाकर 1 से 19 वर्ष तक के बच्चों और किशोर-किशोरियों को एल्बेंडाजोल की गोली खिलाई जाएगी। अभियान के दौरान दवा खाने से छूटने वाले बच्चों के लिए 25 नवंबर को मॉप-अप डे आयोजित होगा।

अभियान की तैयारियों को लेकर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. देवेश चौहान की अध्यक्षता में जिला स्तरीय अभिसरण कार्यशाला हुई। इसमें संबंधित विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों को अभियान की जिम्मेदारियां सौंपी गईं। बैठक में शत-प्रतिशत बच्चों तक दवा पहुंचाने और अभियान की प्रभावी निगरानी पर जोर दिया गया।

अभियान के तहत विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों में पंजीकृत बच्चों के साथ स्कूल नहीं जाने वाले बच्चों को भी दवा खिलाई जाएगी। इसके लिए आशा कार्यकर्ता घर-घर जाकर ऐसे बच्चों को चिह्नित करेंगी और उन्हें कृमिनाशक दवा देंगी। स्वास्थ्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि कोई भी पात्र बच्चा अभियान से वंचित नहीं रहना चाहिए।

अभियान की निगरानी के लिए जिला और विकासखंड स्तर पर इमरजेंसी रिस्पॉन्स टीमों का गठन किया गया है। सीएमओ डॉ. देवेश चौहान ने अभिभावकों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथि पर अपने बच्चों को एल्बेंडाजोल की गोली अवश्य खिलवाएं और अभियान को सफल बनाने में सहयोग करें।

फोटो_ राष्ट्रीय कृमि मुक्ति अभियान की जानकारी देते सीएमओ डॉ. देवेश चौहान।


Share This Post