लोहाघाट। जिला पंचायत सदस्य योगेश जोशी “योगी” ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के लोहाघाट दौरे को बाराकोट क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक और सफल बताया है। उन्होंने कहा कि होली रंग महोत्सव के दौरान मुख्यमंत्री द्वारा मंच से की गई घोषणाएं क्षेत्र के विकास को नई दिशा देंगी। योगी ने बताया कि पिथौरागढ़ और चंपावत जनपद के बौतोड़ी-बाराकोट स्थित सरयू एवं रामगंगा के संगम पर अंत्येष्टि स्थल के विकास एवं सौंदर्यीकरण की घोषणा की गई है। साथ ही NH 9 से ग्रामसभा तल्ला बापरु तक सड़क मार्ग के सुधारीकरण और डामरीकरण का कार्य किया जाएगा। इसके अतिरिक्त क्वारकोली से पडासोंसेरा तक मोटर मार्ग के डामरीकरण, आपदा प्रबंधन को सुदृढ़ करने के लिए सिमलखेत में हेलीपैड निर्माण, जिला पंचायत फरतोला क्षेत्र के आंतरिक मार्गों में इंटरलॉकिंग टाइल एवं मार्ग सुधार, तथा प्रमुख मंदिरों के सौंदर्यीकरण की भी घोषणा की गई है।
योगेश जोशी ने कहा कि मुख्यमंत्री ने क्षेत्र की अनेक अन्य समस्याओं का भी संज्ञान लेते हुए सकारात्मक आश्वासन दिया है। उन्होंने विश्वास जताया कि मुख्यमंत्री भविष्य में स्वयं बाराकोट आकर लंबित समस्याओं के स्थायी समाधान की दिशा में ठोस कदम उठाएंगे।
अंत में उन्होंने समस्त क्षेत्रीय जनता की ओर से मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए मां भगवती लड़ीधूरा से उनके उज्ज्वल राजनीतिक भविष्य की कामना की।
फोटो – योगेश जोशी
चंपावत: बाराकोट क्षेत्र के लिए मुख्यमंत्री का दौरा रहा ऐतिहासिक, जिला पंचायत सदस्य योगेश ने मुख्यमंत्री का जताया आभार।
