चंपावत: डीएम के एक्शन से बदली तस्वीर,चंपावत में गैस व्यवस्था पटरी पर, डोर-टू-डोर गैस सप्लाई चालू।

Share This Post

चंपावत।  चंपावत में घरेलू गैस सिलेंडरों की आपूर्ति को लेकर बन रही अव्यवस्था पर जिलाधिकारी मनीष कुमार ने सख्ती दिखाते हुए वितरण प्रणाली को नई व्यवस्था के तहत संचालित करने के निर्देश दिए, जिसके बाद आज सुबह से ही पूरे जनपद में डिलीवरी प्वाइंट और डोर-टू-डोर सप्लाई के माध्यम से गैस वितरण कार्य शुरू कर दिया गया। प्रशासन की इस पहल से उपभोक्ताओं को लंबी कतारों, भीड़भाड़ और अनावश्यक भागदौड़ से राहत मिली है।
प्रशासन द्वारा तय किए गए डिलीवरी प्वाइंट्स पर क्रमवार गैस वितरण किया जा रहा है, वहीं दूरस्थ और ग्रामीण क्षेत्रों में गैस वाहन घर-घर पहुंचकर सिलेंडर उपलब्ध करा रहे हैं। खटकना पुल क्षेत्र में भी गैस वाहन द्वारा सीधे लोगों के घरों तक सिलेंडर पहुंचाए गए, जिससे स्थानीय लोगों ने राहत महसूस की और प्रशासन के इस कदम की सराहना की।
नई व्यवस्था लागू होने के बाद गैस वितरण अधिक सुव्यवस्थित और पारदर्शी तरीके से संचालित होता दिखाई दिया। पहले जहां उपभोक्ताओं को एजेंसियों के चक्कर लगाने पड़ते थे, वहीं अब निर्धारित स्थानों और घर के पास ही सिलेंडर मिलने से लोगों का समय और श्रम दोनों बच रहा है।
जिलाधिकारी मनीष कुमार ने संबंधित अधिकारियों और गैस एजेंसियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि गैस वितरण कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही न हो। प्रत्येक उपभोक्ता तक समय पर गैस सिलेंडर पहुंचे, इसके लिए वितरण कार्य को प्राथमिकता के आधार पर संचालित किया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि व्यवस्था में गड़बड़ी पाए जाने पर जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
जिला प्रशासन ने आम जनमानस से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें, धैर्य बनाए रखें और प्रशासन द्वारा निर्धारित डिलीवरी प्वाइंट एवं डोर-टू-डोर व्यवस्था के अनुसार ही गैस प्राप्त करें, ताकि जनपद में सभी उपभोक्ताओं तक गैस आपूर्ति सुचारु रूप से पहुंचाई जा सके।

फोटो_ डोर टू डोर गैस सप्लाई का एक दृश्य।


Share This Post