चंपावत। सोशल मीडिया पर वायरल होने की चाह में जान जोखिम में डालना एक युवक को महंगा पड़ गया। टनकपुर–धारचूला राष्ट्रीय राजमार्ग पर चल्थी पुल के पास चलती कार की बोनट पर बैठकर स्टंट करते हुए रील बना रहे युवक पर चंपावत पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालान कर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार वाहन संख्या UK-03 B 7717 (Maruti Suzuki Baleno) पर सवार युवक तेज रफ्तार कार पर खतरनाक स्टंट कर रहा था और उसका वीडियो भी बनाया जा रहा था। यह हरकत न केवल उसकी अपनी जान के लिए खतरा था, बल्कि सड़क पर चल रहे अन्य वाहन चालकों और राहगीरों के लिए भी बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकता था।
मामले का संज्ञान लेते ही यातायात पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए वाहन को चिन्हित किया और संबंधित युवक के खिलाफ चालानी कार्रवाई की। पुलिस ने स्पष्ट कहा कि सड़क को स्टंट करने का मंच बनाने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार आजकल रील और वीडियो के लिए युवाओं में खतरनाक स्टंट करने की प्रवृत्ति बढ़ रही है, जो कानूनन अपराध होने के साथ-साथ जानलेवा भी है।
चंपावत पुलिस की सख्त अपील_
रील और लाइक के लिए अपनी और दूसरों की जान जोखिम में न डालें। यातायात नियमों का पालन करें। नियम तोड़ने वालों के खिलाफ चंपावत पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
फोटो_ चलती कार में रील बनाता युवक।
चंपावत: युवक को रील का जुनून पड़ा भारी! चलती कार पर बैठकर बना रहा था वीडियो, चंपावत पुलिस ने काटा चालान।
