मेला मजिस्ट्रेट डॉ. ललित मोहन तिवारी ने किया निरीक्षण, सुरक्षा व सुविधा बढ़ाने के दिए सख्त निर्देश।
टनकपुर/चंपावत। पूर्णागिरि मेले में इन दिनों आस्था का जनसैलाब उमड़ रहा है। लगातार बढ़ रही तीर्थ यात्रियों की संख्या के बीच अब ट्रेन के माध्यम से भी श्रद्धालुओं का आगमन तेज हो गया है। करीब 19 किलोमीटर लंबे मेला क्षेत्र में प्रशासन द्वारा व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है। मेला मजिस्ट्रेट डॉ. ललित मोहन तिवारी ने टैक्सी यूनियन पदाधिकारियों के साथ बैठक कर सभी स्थानों पर रेट लिस्ट अनिवार्य रूप से प्रदर्शित करने के निर्देश दिए, ताकि तीर्थ यात्रियों को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने मंदिर परिसर में पूर्व उपजिलाधिकारी हिमांशु कफलटीया द्वारा स्थापित पुस्तकालय का भी अवलोकन किया। इस पुस्तकालय में तीर्थ यात्रियों के लिए विभिन्न धार्मिक पुस्तकें उपलब्ध कराई गई हैं, जो आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं।
भैरव मंदिर क्षेत्र में बढ़ती भीड़ को देखते हुए विशेष प्रबंधन किया गया है, जिससे मुख्य मंदिर में श्रद्धालुओं का आवागमन सुचारू बना रहे और किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो। वहीं मेला मजिस्ट्रेट ने शारदा घाट सहित अन्य घाटों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया और डूबने की घटनाओं के कारणों की जानकारी ली।
गोताखोरों और एसडीआरएफ जवानों ने सुझाव दिया कि घाटों पर बैरिकेडिंग और सीढ़ियों (स्टेप) की व्यवस्था और मजबूत की जाए, क्योंकि कई युवा नियमों की अनदेखी कर पानी में जोखिम उठाते हैं, जिससे हादसों की आशंका बढ़ जाती है। इस पर मेला मजिस्ट्रेट ने सख्त निर्देश देते हुए कहा कि बैरिकेडिंग के आगे किसी को जाने न दिया जाए, ताकि किसी भी अनहोनी को रोका जा सके।
मेले में पुलिस, पीएसी, एसडीआरएफ, पीआरडी और होमगार्ड के जवान पूरी मुस्तैदी के साथ तैनात हैं। साथ ही पैदल आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा के लिए भी व्यापक इंतजाम किए गए हैं। प्रशासन और सुरक्षा बलों के सहयोग से मेले में एक सकारात्मक और सुरक्षित वातावरण देखने को मिल रहा है।
फोटो – भैरव मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़ को नियंत्रित करने के निर्देश देते मेला मजिस्ट्रेट डॉ. ललित मोहन तिवारी।
चंपावत: पूर्णागिरि मेले में उमड़ा आस्था का सैलाब, व्यवस्थाओं को लेकर प्रशासन अलर्ट।
