चंपावत: मूसलाधार बारिश भी नहीं डिगा पाई आस्था, पूर्णागिरि मेले में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब।

Share This Post

8000 से अधिक भक्तों ने किए दर्शन, ठूलीगाड़ में भंडारों से मिली राहत — प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड में

टनकपुर /चंपावत। पूर्णागिरि मेला में खराब मौसम के बावजूद श्रद्धालुओं का उत्साह चरम पर है। लगातार हो रही भारी वर्षा भी भक्तों की आस्था को डिगा नहीं सकी और आज लगभग 8000 तीर्थयात्रियों ने  मां पूर्णागिरि के दरबार में माथा टेककर आशीर्वाद लिया। शाम को ट्रेनों के आगमन के साथ श्रद्धालुओं की संख्या में और इजाफा होने की उम्मीद है। मेले के बेस कैंप ठूलीगाड़ में संचालित आधा दर्जन भंडारे यात्रियों के लिए संजीवनी साबित हो रहे हैं, जहां उन्हें भोजन और विश्राम की बेहतर सुविधा मिल रही है। मेला मजिस्ट्रेट डॉ. ललित मोहन तिवारी पूरे दिन व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने में जुटे रहे। भारी बारिश के कारण एक स्थान पर मार्ग बाधित होने की आशंका जरूर बनी, लेकिन प्रशासन की मुस्तैदी से यातायात लगातार सुचारु बना रहा।
सुरक्षा के लिहाज से पुलिस ने निगरानी और कड़ी कर दी है, जबकि सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) के जवान भी श्रद्धालुओं की मदद में लगातार सक्रिय हैं। खास बात यह है कि यहां आने वाले श्रद्धालु दर्शन के बाद नेपाल स्थित मंदिरों की ओर भी रुख कर रहे हैं, क्योंकि वहां दर्शन किए बिना यात्रा को अधूरा माना जाता है।


Share This Post