एसओजी और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, वन्यजीव अधिनियम में केस दर्ज।
लोहाघाट। एसओजी और रीठा साहिब थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक अभियुक्त को गुलदार (तेंदुए) की खाल के साथ गिरफ्तार किया है। चेकिंग अभियान के दौरान पुराने थाने के पास स्कूटी सवार एक युवक को रोका गया, जिसकी तलाशी लेने पर उसके पास से करीब 2 मीटर चौड़ी गुलदार की खाल बरामद हुई।
एसओजी प्रभारी कमलेश भट्ट के नेतृत्व में चल रही इस कार्रवाई में रीठा साहिब से लोहाघाट की ओर जा रही स्कूटी (UK03 B 2770) की जांच की गई। इस दौरान स्कूटी सवार दीपक बोहरा, निवासी ग्राम गागरी के पास से तेंदुए की खाल बरामद हुई, जिसे वह लोहाघाट ले जा रहा था। मौके पर ही स्कूटी को जब्त कर लिया गया।
पूछताछ में अभियुक्त ने चौंकाने वाला खुलासा करते हुए बताया कि उसने गुलदार को फंदे में फंसाकर मारा था और उसकी हड्डियां जंगल में छिपा दी हैं। बरामद खाल करीब 8 वर्ष पुराने गुलदार की बताई जा रही है।
आरोपी के खिलाफ वन क्षेत्राधिकारी कार्यालय भिंगराणा में वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अधीक्षक रेखा यादव ने इस सफलता पर टीम की सराहना करते हुए अपराधियों के खिलाफ सख्त अभियान जारी रखने के निर्देश दिए हैं। इस कार्रवाई में एसओजी प्रभारी कमलेश भट्ट के साथ एएसआई भुवन पांडे, हेड कांस्टेबल दलजीत श्रीवास्तव, तपेंद्र जोशी, ललित, राजकुमार, नासिर हुसैन तथा वन विभाग के नीरज बिष्ट, अर्जुन सिंह और दीपक शामिल रहे।
फोटो – तेंदुए (गुलदार) की खाल सहित पकड़ा गया अभियुक्त पुलिस की गिरफ्त में।
चंपावत में बड़ा खुलासा: तेंदुए (गुलदार) की खाल के साथ अभियुक्त गिरफ्तार, स्कूटी जब्त।
