चंपावत: पूर्णागिरि मेले में उमड़ा आस्था का सैलाब: ठंडी हवा के बीच दर्शन, जल पुलिस बनी जीवनरक्षक।

Share This Post

गर्मी से राहत के लिए पहाड़ों का रुख, व्यवस्थाओं से खुश श्रद्धालु; शारदा घाट पर जल पुलिस ने बचाई दो बालिकाओं की जान।

टनकपुर/चंपावत। मां पूर्णागिरि धाम में चल रहे विशाल मेले में श्रद्धालुओं का उत्साह लगातार चरम पर है। मैदानी क्षेत्रों में बढ़ती गर्मी से राहत पाने के लिए बड़ी संख्या में तीर्थयात्री यहां पहुंच रहे हैं, जहां वे मां के दर्शन के साथ-साथ पहाड़ों की ठंडी और सुकूनभरी हवा का आनंद भी ले रहे हैं।
ठुलीगाड़ बेस कैंप तीर्थयात्रियों के लिए राहत का बड़ा केंद्र बना हुआ है। यहां बनाए गए ट्रांजिट कैंप, ठहरने की व्यवस्थाएं और विभिन्न स्थानों से आए श्रद्धालुओं द्वारा लगाए गए भंडारे यात्रियों को काफी सुविधा और संतोष दे रहे हैं।
मेले की व्यवस्थाओं को लेकर अधिकारियों की सक्रियता भी साफ दिखाई दे रही है। मेला मजिस्ट्रेट डॉ. ललित मोहन तिवारी के अनुसार श्रद्धालुओं के आने का सिलसिला लगातार जारी है और व्यवस्थाओं को लेकर उनसे नियमित फीडबैक भी लिया जा रहा है। श्रद्धालु व्यवस्थाओं से संतुष्ट नजर आ रहे हैं और उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के इस प्रयास की सराहना की है कि मेले को वर्षभर आयोजित करने की दिशा में पहल की जा रही है। उनका मानना है कि इससे पर्यटन और स्थानीय रोजगार को नई गति मिलेगी।
इसी बीच शारदा घाट पर एक बड़ा हादसा टल गया। स्नान के दौरान तेज बहाव में बह रही दो बालिकाएं रेनू और दिव्या को मौके पर तैनात जल पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए सुरक्षित बाहर निकाल लिया। जल पुलिस के जवानों ने अपनी जान जोखिम में डालकर दोनों बच्चियों की जान बचाई, जिससे परिजनों ने राहत की सांस ली। बचाव अभियान में हेड कांस्टेबल कपूर राणा, रविंद्र सिंह, राकेश गिरी, मुकेश सिंह, मनोज राणा, दीपचंद और एमपीआरडीसी के जवान सूरज शर्मा की अहम भूमिका रही। परिजनों ने पूरी टीम का आभार जताते हुए उन्हें ‘धरती का भगवान’ बताया।

फोटो – ठुलीगाड़ में ठंडी हवा का आनंद लेते श्रद्धालु व शारदा घाट पर बचाई गई बालिकाओं के साथ जल पुलिस टीम


Share This Post