चंपावत के मेधावियों ने प्रदेश में लहराया परचम।

Share This Post

हाईस्कूल में प्रदेश में 5वां और इंटर में 4था स्थान हासिल, जिलाधिकारी ने मेधावी छात्र-छात्राओं व अभिभावकों को किया सम्मानित।


चंपावत। उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद रामनगर द्वारा घोषित वर्ष 2026 के बोर्ड परीक्षा परिणामों में जनपद चम्पावत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रदेशभर में अपनी मजबूत शैक्षिक पहचान दर्ज कराई है। गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, शिक्षकों के समर्पित मार्गदर्शन और विद्यार्थियों की अथक मेहनत के दम पर चम्पावत ने हाईस्कूल परीक्षा में प्रदेश में 5वां तथा इंटरमीडिएट में 4था स्थान प्राप्त कर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। इस गौरवपूर्ण सफलता पर जिला सभागार में आयोजित सम्मान समारोह में जिलाधिकारी मनीष कुमार ने बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों के साथ उनके अभिभावकों को भी शॉल ओढ़ाकर सम्मानित करते हुए कहा कि बच्चों की सफलता में परिवार की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण होती है। हाईस्कूल परीक्षा में हिमानी उप्रेती ने 96.20 प्रतिशत अंक प्राप्त कर जनपद में प्रथम एवं प्रदेश में 7वां स्थान हासिल किया। वहीं संगीता भट्ट और पवन रावत ने 94.60 प्रतिशत अंक प्राप्त कर जनपद में द्वितीय तथा प्रदेश में 15वां स्थान प्राप्त किया। जलज आली ने 92.80 प्रतिशत अंकों के साथ जनपद में तृतीय एवं प्रदेश में 24वां स्थान हासिल कर जिले का मान बढ़ाया। इंटरमीडिएट परीक्षा में यश अवस्थी ने 93.80 प्रतिशत अंक प्राप्त कर जनपद में प्रथम एवं प्रदेश में 18वां स्थान प्राप्त किया। रिया चौबे ने 93.20 प्रतिशत अंकों के साथ जनपद में द्वितीय एवं प्रदेश में 21वां स्थान हासिल किया। वहीं सांची जोशी और मयंक जोशी ने 92.80 प्रतिशत अंक प्राप्त कर जनपद में तृतीय एवं प्रदेश में 23वां स्थान प्राप्त किया। हंसा भट्ट ने 92.60 प्रतिशत अंकों के साथ जनपद में चतुर्थ एवं प्रदेश में 24वां स्थान तथा हेमा नायक ने 92.40 प्रतिशत अंक प्राप्त कर जनपद में पंचम एवं प्रदेश में 25वां स्थान हासिल किया। सम्मान समारोह के दौरान जिलाधिकारी ने विद्यार्थियों से उनके भविष्य के लक्ष्यों और करियर योजनाओं पर संवाद किया। उन्होंने छात्रों को एनडीए, यूपीएससी सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं और करियर विकल्पों की जानकारी देते हुए कहा कि यह सफलता उनके जीवन की मजबूत नींव है, जिसे आगे और ऊंचाइयों तक ले जाना चाहिए।
उन्होंने विद्यार्थियों को संदेश देते हुए कहा कि कठिन परिस्थितियों और असफलताओं से घबराने के बजाय निरंतर मेहनत, अनुशासन और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ना ही सफलता की कुंजी है। साथ ही समाज और राष्ट्रहित में कार्य करने के लिए भी प्रेरित किया।
मुख्य शिक्षा अधिकारी मान सिंह ने बताया कि इस वर्ष हाईस्कूल का परीक्षा परिणाम 94.80 प्रतिशत रहा, जबकि कुल 2,845 परीक्षार्थियों में से 183 विद्यार्थियों ने ऑनर्स के साथ सफलता प्राप्त की। वहीं इंटरमीडिएट परीक्षा में 93.10 प्रतिशत छात्र-छात्राएं सफल रहे। उन्होंने बताया कि प्रदेश की टॉप-25 वरीयता सूची में हाईस्कूल के 5 तथा इंटरमीडिएट के 6 विद्यार्थियों ने स्थान प्राप्त कर चम्पावत का गौरव बढ़ाया है।
जिलाधिकारी ने विद्यार्थियों की सफलता को उनके कठिन परिश्रम, शिक्षकों के समर्पण और अभिभावकों के सहयोग का परिणाम बताते हुए सभी छात्र-छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी डॉ. जी.एस. खाती, अपर जिलाधिकारी कृष्णनाथ गोस्वामी, मुख्य शिक्षा अधिकारी मान सिंह, खंड शिक्षा अधिकारी भारत जोशी, उपखंड शिक्षा अधिकारी संजय भट्ट, विभिन्न विद्यालयों के शिक्षकगण एवं अभिभावक उपस्थित रहे।


फोटो  जिला सभागार में मेधावी छात्र-छात्राओं एवं अभिभावकों को सम्मानित करते जिलाधिकारी मनीष कुमार।


Share This Post