चंपावत: पूर्णागिरि मेले में अग्निकांड पीड़ितों के बीच पहुंचे प्रशासनिक अधिकारी, तत्काल राहत सहायता से मिली बड़ी राहत‌।

Share This Post

मुख्यमंत्री धामी के निर्देशों पर जिला प्रशासन ने दिखाई तत्परता, पीड़ित व्यापारियों ने जताया आभार।


टनकपुर/चंपावत। पूर्णागिरी मेले के दौरान हुई भीषण अग्निकांड की घटना में कई गरीब व्यापारियों की दुकानें जलकर राख हो गईं। देर रात लगी आग में गिफ्ट आइटम, बच्चों के खिलौने व अन्य सामान बेचकर अपने परिवार का भरण-पोषण करने वाले करीब दर्जनभर व्यापारियों को भारी नुकसान उठाना पड़ा।
घटना की सूचना मिलते ही मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय के नोडल अधिकारी केदार सिंह बृजवाल मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया। उन्होंने तत्काल घटना की जानकारी मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी एवं जिला प्रशासन को देते हुए प्रभावित परिवारों को शीघ्र राहत सहायता उपलब्ध कराने का अनुरोध किया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की संवेदनशील कार्यशैली का असर जिले में लगातार देखने को मिलता है। किसी भी आपदा, दुर्घटना अथवा मानवीय संकट की स्थिति में जिला प्रशासन तुरंत सक्रिय होकर राहत एवं सहायता कार्यों में जुट जाता है। पूर्णागिरि मेले की इस दुखद अग्निकांड घटना में भी प्रशासन की तत्परता साफ दिखाई दी। जिला प्रशासन की ओर से पीड़ित व्यापारियों को तत्काल राहत सहायता प्रदान की गई है। साथ ही भविष्य में मेले के दौरान इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक सुरक्षा इंतजाम और प्रभावी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
पीड़ित व्यापारियों ने समय पर मिली सहायता एवं प्रशासनिक सहयोग के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, जिलाधिकारी तथा नोडल अधिकारी केदार सिंह बृजवाल के प्रति आभार व्यक्त किया।

फोटो  अग्निकांड से प्रभावित व्यापारियों के बीच पहुंचकर राहत एवं सहायता का भरोसा दिलाते नोडल अधिकारी केदार सिंह बृजवाल एवं अन्य प्रशासनिक अधिकारी।


Share This Post