।ईंधन बचाओ, पर्यावरण बचाओ अभियान की शुरुआत, अधिकारियों ने भी पैदल पहुंचकर निभाई जिम्मेदारी।
चंपावत। बढ़ती ईंधन कीमतों, संसाधनों पर बढ़ते आर्थिक दबाव और पर्यावरण संरक्षण की आवश्यकता को देखते हुए चम्पावत जनपद में हर शनिवार ‘नो व्हीकल डे’ अभियान की शुरुआत कर दी गई है। अभियान का शुभारंभ स्वयं जिलाधिकारी मनीष कुमार ने अपने आवास से जिला कार्यालय तक पैदल पहुंचकर किया। डीएम के इस कदम ने प्रशासनिक व्यवस्था के साथ आम जनता को भी बड़ा संदेश दिया।
शनिवार सुबह जिलाधिकारी मनीष कुमार बिना सरकारी वाहन के पैदल कार्यालय पहुंचे। रास्ते में उन्होंने आम लोगों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश भी दिए। डीएम ने कहा कि छोटे-छोटे प्रयास ही बड़े बदलाव की नींव बनते हैं और यदि हर व्यक्ति सप्ताह में एक दिन निजी वाहनों का कम उपयोग करे तो इससे ईंधन बचत के साथ पर्यावरण संरक्षण को भी मजबूती मिलेगी।
उन्होंने कहा कि ऊर्जा संरक्षण अब केवल सरकारी नीति नहीं, बल्कि हर नागरिक की सामाजिक जिम्मेदारी बन चुका है। इसी सोच के तहत जनपद में कारपूलिंग, सार्वजनिक परिवहन, पैदल चलने और साइकिल उपयोग को बढ़ावा दिया जाएगा, ताकि आने वाली पीढ़ियों के लिए संसाधनों को सुरक्षित रखा जा सके।
डीएम ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए कि शासन की मंशा के अनुरूप कार्यालयों में अनावश्यक बिजली, ईंधन और अन्य संसाधनों की बर्बादी पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने जनपदवासियों से भी अपील की कि वे ऊर्जा संरक्षण को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएं और देशहित में जिम्मेदार नागरिक की भूमिका निभाएं। अभियान में अपर जिलाधिकारी कृष्णनाथ गोस्वामी, उपजिलाधिकारी विपिन पंत, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी दीप्तिकीर्ति तिवारी, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी देवेंद्र पटवाल, सहायक निर्वाचन अधिकारी देवेंद्र अधिकारी, जिला सूचना अधिकारी धीरज कार्की समेत कई अधिकारी और कर्मचारी भी अपने आवासों से पैदल कार्यालय पहुंचे और अभियान में सहभागिता निभाई।
फोटो – चंपावत में ‘नो व्हीकल डे’ अभियान के तहत शनिवार को पैदल जिला कार्यालय पहुंचते जिलाधिकारी मनीष कुमार एवं अन्य अधिकारी।
चंपावत: हर शनिवार ‘नो व्हीकल डे’ : पैदल दफ्तर पहुंचे डीएम मनीष कुमार, चंपावत से दिया ऊर्जा बचत का संदेश।

