जिलेभर में लगेंगे लोक कल्याण मेले और स्वनिधि शिविर, ऋण से लेकर डिजिटल सशक्तिकरण तक मिलेगा फायदा
चंपावत। जनपद चंपावत में छोटे फेरी व्यवसायियों और रेहड़ी-पटरी संचालकों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए प्रशासन ने बड़ा अभियान शुरू किया है। आगामी 1 जून से 30 जून 2026 तक जिले के सभी निकायों में “स्वनिधि महोत्सव”, “लोक कल्याण मेले” और “स्वनिधि शिविर” आयोजित किए जाएंगे। आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय भारत सरकार तथा शहरी विकास निदेशालय के निर्देशों के तहत इस विशेष अभियान का रोस्टर जारी कर दिया गया है।
अधिशासी अधिकारी नगर पालिका चंपावत एवं नोडल अधिकारी भरत त्रिपाठी ने बताया कि अभियान का उद्देश्य पीएम स्वनिधि योजना के लाभार्थियों और उनके परिवारों को सीधे सरकारी योजनाओं से जोड़ना, उनकी सफलता की कहानियों को सामने लाना और स्ट्रीट वेंडर्स को आत्मनिर्भर बनाना है।
इस महाअभियान की शुरुआत नगर पंचायत बनबसा से होगी, जहां 2 और 3 जून को नगर पंचायत कार्यालय सभागार में कार्यक्रम आयोजित होंगे। इसके बाद 9 और 10 जून को टनकपुर, 16 और 17 जून को चम्पावत तथा 23 और 24 जून को लोहाघाट में लोक कल्याण मेले और शिविर लगाए जाएंगे। सभी कार्यक्रम सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक संचालित होंगे।
इन मेलों में फेरी व्यवसायियों को आसान ऋण सुविधा, क्रेडिट कार्ड, डिजिटल भुगतान प्रशिक्षण और विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। साथ ही नए स्ट्रीट वेंडर्स का सर्वे कर उन्हें भी योजना के दायरे में लाया जाएगा। बैंकों, एफएसएसएआई, डिजिटल भुगतान एग्रीगेटर्स और टाउन वेंडिंग समितियों के सहयोग से पूरे अभियान को प्रभावी बनाने की तैयारी की गई है।
फोटो_ ईओ भरत त्रिपाठी।
चंपावत में 1 जून से बजेगा ‘स्वनिधि महोत्सव’ का बिगुल, स्ट्रीट वेंडर्स को मिलेगा योजनाओं का सीधा लाभ

