चंपावत: तम्बाकू छोड़ो, जीवन जोड़ो- डीएम मनीष कुमार ने युवाओं को दिया नशामुक्ति का संदेश।

Share This Post

विश्व तम्बाकू निषेध दिवस पर पत्रकारिता मंच की काव्यगोष्ठी में गूंजा स्वस्थ समाज का संकल्प

चंपावत। विश्व तम्बाकू निषेध दिवस के अवसर पर पत्रकारिता मंच चंपावत द्वारा आयोजित काव्यगोष्ठी सामाजिक जागरूकता का सशक्त मंच बन गई। कार्यक्रम में जिलाधिकारी मनीष कुमार ने युवाओं को तम्बाकू और अन्य नशे की लत से दूर रहने का संदेश देते हुए कहा कि नशा केवल व्यक्ति ही नहीं, बल्कि परिवार और समाज के भविष्य को भी प्रभावित करता है। उन्होंने युवाओं से स्वस्थ, सकारात्मक और तम्बाकू मुक्त जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया।
जिलाधिकारी ने “नशा हटाओ-जीवन बचाओ” अभियान की सराहना करते हुए कहा कि यह केवल एक अभियान नहीं, बल्कि नई पीढ़ी को विनाश की राह से बचाने का सामाजिक आंदोलन है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में अनेक बच्चे और किशोर नशे के जाल में फंसकर अपने लक्ष्य से भटक रहे हैं। ऐसे में समाज के जागरूक नागरिकों, शिक्षकों, अभिभावकों और सामाजिक संगठनों की जिम्मेदारी है कि वे युवाओं को सही दिशा दें।
कार्यक्रम के संयोजक एवं प्रवक्ता सामश्रवा आर्य द्वारा लंबे समय से संचालित इस जनजागरूकता मुहिम को सराहनीय बताते हुए जिलाधिकारी ने समाज के सभी वर्गों से इसमें सक्रिय सहयोग देने की अपील की। उन्होंने कहा कि नशामुक्त चंपावत और नशामुक्त उत्तराखंड का सपना तभी साकार होगा जब हर व्यक्ति इस अभियान का हिस्सा बनेगा।
काव्यगोष्ठी में साहित्यकारों और पत्रकारों ने अपनी रचनाओं के माध्यम से तम्बाकू और नशे के दुष्प्रभावों पर प्रभावशाली संदेश दिए। इस अवसर पर डा. बीसी जोशी, जनकवि प्रकाश शूल, वरिष्ठ पत्रकार चंद्रशेखर जोशी, विनोद चतुर्वेदी, दिनेश चन्द्र जोशी, गिरीश बिष्ट, नवीन पंत, सुभाष जोशी, राजेन्द्र गहतोड़ी एवं पंकज देव सहित अनेक साहित्यकार और पत्रकार उपस्थित रहे।

फोटो_विश्व तम्बाकू निषेध दिवस पर आयोजित काव्यगोष्ठी में नशामुक्त समाज का संदेश देते जिलाधिकारी मनीष कुमार तथा कार्यक्रम में मौजूद साहित्यकार एवं पत्रकार।


Share This Post