चंपावत। ग्रामोत्थान परियोजना एवं राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत चंपावत ब्लॉक सभागार में नैतिकता, सुशासन और नेतृत्व क्षमता विकास विषयक तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन बीडीओ अशोक अधिकारी ने किया और प्रतिभागियों से समुदाय आधारित संस्थाओं में पारदर्शिता, जवाबदेही एवं प्रभावी नेतृत्व को मजबूत बनाने का आह्वान किया।
प्रशिक्षण के दौरान मास्टर ट्रेनरों ने सहकारिता एवं किसान उत्पादक संगठनों (एफपीओ) की कार्यप्रणाली, गठन प्रक्रिया, संचालन और संचालकों की जिम्मेदारियों पर विस्तृत जानकारी दी। जिला परियोजना प्रबंधक ममराज चौहान ने सुशासन के मूल सिद्धांतों—पारदर्शिता, ईमानदारी, जवाबदेही और भ्रष्टाचार नियंत्रण—पर चर्चा करते हुए बेहतर संस्थागत प्रबंधन के लिए प्रेरित किया।
आरबीआई इन्क्यूबेशन मैनेजर पंकज बिष्ट ने डिजिटल मार्केटिंग, लाइसेंस प्रक्रिया और बैंक ऋण योजनाओं की जानकारी दी। प्रशिक्षण में छह स्वायत्त सहकारिताओं और बालेश्वर एफपीओ के 46 संचालक एवं कर्मचारी प्रतिभाग कर रहे हैं। कार्यक्रम के सफल संचालन में आजीविका मिशन की टीम ने सहयोग दिया।
फोटो – ब्लॉक सभागार में आयोजित नैतिकता, सुशासन एवं नेतृत्व क्षमता विकास प्रशिक्षण कार्यक्रम में प्रतिभागियों को संबोधित करते बीडीओ।
चंपावत: सुशासन और नेतृत्व की नई पाठशाला: चम्पावत में सहकारिता संचालकों का तीन दिवसीय प्रशिक्षण शुरू।

