चंपावत: पहली बार हुए पाटी नगर पंचायत चुनाव में उमड़ा जनसैलाब, 77.99 प्रतिशत रहा मतदान।

Share This Post

95 वर्षीय धर्मा देवी और 88 वर्षीय पूर्णानंद पचौली ने भी निभाया लोकतांत्रिक दायित्व, अब 11 जून को आएगा जनता का फैसला।

लोहाघाट। नवसृजित पाटी नगर पंचायत के लिए मंगलवार को पहली बार आयोजित नगर निकाय चुनाव शांतिपूर्ण एवं उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हो गया। नवगठित नगर पंचायत में पहली बार हुए मतदान को लेकर युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों सहित सभी वर्गों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। मतदान केंद्रों पर सुबह से ही मतदाताओं की लंबी कतारें लगी रहीं और लोगों ने बढ़-चढ़कर अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
गौरतलब है कि राज्य सरकार द्वारा 20 सितंबर 2024 को पाटी नगर पंचायत के गठन की अधिसूचना जारी की गई थी। लगभग 17 माह बाद यहां पहली बार नगर निकाय चुनाव संपन्न हुए। ग्राम पंचायत पाटी के साथ लगते क्षेत्र को शामिल कर गठित इस नगर पंचायत में अध्यक्ष पद तथा चार वार्डों के सभासदों के लिए मतदान कराया गया। नगर पंचायत अध्यक्ष पद के लिए एक महिला सहित तीन प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। वहीं चार वार्डों में से दो वार्ड अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जाति महिला के लिए आरक्षित हैं।
मतदान वैलेट पेपर के माध्यम से कराया गया। पूनाकोट वार्ड में 252, न्यू कॉलोनी वार्ड में 491, रानीचौड़ वार्ड में 364 तथा जौलाड़ी वार्ड में 505 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। रिटर्निंग ऑफिसर अजय सिंह के अनुसार नगर पंचायत में कुल 2067 मतदाता पंजीकृत थे, जिनमें से 1612 मतदाताओं ने मतदान किया। इस प्रकार मतदान प्रतिशत 78 प्रतिशत के आसपास रहा।
मतदान को निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। मतदान केंद्रों पर पुलिस का कड़ा पहरा रहा तथा आदर्श आचार संहिता का सख्ती से पालन कराया गया। मतदान प्रक्रिया के दौरान जिलाधिकारी मनीष कुमार एवं पुलिस अधीक्षक रेखा यादव लगातार स्थिति पर नजर बनाए रहे। वहीं पुलिस क्षेत्राधिकारी देवेंद्र सिंह तथा उपजिलाधिकारी नितेश डांगर पूरे समय क्षेत्र में मौजूद रहे।
मतदान समाप्त होने के बाद प्रत्याशियों और उनके समर्थकों ने अपनी-अपनी जीत के दावे करने शुरू कर दिए हैं। भाजपा कार्यकर्ता गोपेश पचौली ने दावा किया कि मतदाताओं ने क्षेत्र के विकास को ध्यान में रखते हुए ट्रिपल इंजन सरकार के पक्ष में मतदान किया है। हालांकि वास्तविक तस्वीर 11 जून को मतगणना के बाद ही साफ होगी। लोकतंत्र के इस महापर्व में बुजुर्ग मतदाताओं का उत्साह भी प्रेरणादायी रहा। 95 वर्षीय धर्मा देवी और 88 वर्षीय पूर्णानंद पचौली ने मतदान केंद्र पहुंचकर अपने मताधिकार का प्रयोग किया और युवा पीढ़ी को लोकतंत्र में सहभागिता का संदेश दिया।
शांतिपूर्ण एवं सफल मतदान संपन्न होने पर प्रशासनिक अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने सभी मतदाताओं का आभार व्यक्त किया।


फोटो – पहली बार हुए पाटी नगर पंचायत चुनाव में मतदान केंद्र पर अपने मताधिकार का प्रयोग करने पहुंचे मतदाता।


Share This Post