चंपावत: प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार के लिए नामांकन शुरू, डीएम ने समय पर प्रस्ताव भेजने के दिए निर्देश।

Share This Post

31 जुलाई तक होंगे आवेदन, जनपद के प्रतिभाशाली बच्चों की पहचान कर प्राथमिकता के आधार पर नामांकन कराने के निर्देश।

चंपावत। प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार (पीएमआरबीपी) के लिए नामांकन प्रक्रिया शुरू हो गई है। जिलाधिकारी मनीष कुमार ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि जनपद के योग्य एवं प्रतिभाशाली बच्चों की पहचान कर उनके नामांकन समयबद्ध ढंग से भेजना सुनिश्चित किया जाए, ताकि कोई भी पात्र बच्चा इस प्रतिष्ठित राष्ट्रीय सम्मान से वंचित न रहे।
जिलाधिकारी ने बताया कि महिला एवं बाल विकास मंत्रालय, भारत सरकार के निर्देशानुसार पुरस्कार के लिए नामांकन प्रक्रिया 1 अप्रैल 2026 से प्रारंभ हो चुकी है। आवेदन एवं नामांकन भेजने की अंतिम तिथि 31 जुलाई 2026 निर्धारित की गई है।
उन्होंने कहा कि शासन के निर्देशों के अनुसार योग्य बच्चों के नामांकन का स्पष्ट प्रस्ताव एवं संस्तुति निर्धारित समय सीमा के भीतर राज्यपाल सचिवालय को भेजी जानी है, जिससे उन्हें समय रहते शासन स्तर पर विचारार्थ प्रस्तुत किया जा सके।
डीएम ने जिला कार्यक्रम अधिकारी को निर्देशित किया कि वह इस पूरी प्रक्रिया में व्यक्तिगत रुचि लेते हुए जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट उपलब्धि हासिल करने वाले बच्चों की पहचान कर उनके नामांकन प्राथमिकता के आधार पर तैयार कराएं। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों से शासन के निर्देशों का गंभीरता से अनुपालन सुनिश्चित करने तथा पात्र बच्चों के प्रस्ताव समय पर निदेशालय को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

फोटो_ जिलाधिकारी मनीष कुमार।


Share This Post