गंगा स्वयं सहायता समूह ने संभाली उद्यम की कमान, स्थानीय उत्पादों को भी मिलेगा बाजार; सीडीओ डॉ. जी.एस. खाती बोले— आत्मनिर्भरता की ओर मजबूत कदम।
चंपावत। महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में चंपावत जिले में एक और महत्वपूर्ण पहल हुई है। विकासखंड चंपावत के अमोड़ी में ग्रामोत्थान परियोजना के तहत नारी शक्ति संकुल संघ के अंतर्गत गंगा स्वयं सहायता समूह द्वारा संचालित सामुदायिक कॉस्मेटिक एवं क्लॉथ सेंटर का शुभारंभ मुख्य विकास अधिकारी डॉ. जी.एस. खाती ने किया। उद्घाटन के अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि स्वयं सहायता समूह ग्रामीण महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण की मजबूत आधारशिला बन रहे हैं। ग्रामोत्थान परियोजना के माध्यम से महिलाओं को उद्यमिता और स्वरोजगार से जोड़कर उन्हें आर्थिक रूप से सक्षम बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ऐसे सामुदायिक उद्यम न केवल महिलाओं की आय बढ़ाएंगे, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के नए अवसर भी सृजित करेंगे।
डॉ. खाती ने उद्यम का संचालन कर रही महिलाओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि किसी भी व्यवसाय की सफलता गुणवत्ता, अनुशासन, पारदर्शिता और ग्राहकों के विश्वास पर निर्भर करती है। उन्होंने समूह की महिलाओं से सामूहिक प्रयास और समर्पण के साथ इस केंद्र को सफल बनाने का आह्वान किया और विश्वास जताया कि यह मॉडल अन्य स्वयं सहायता समूहों के लिए भी प्रेरणा बनेगा।
इस सामुदायिक केंद्र में कॉस्मेटिक और रेडीमेड वस्त्रों के साथ-साथ स्थानीय स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार किए गए उत्पादों को भी बिक्री के लिए रखा गया है। दुकान में स्थानीय दालें, आचार, जूस और अन्य पहाड़ी उत्पाद उपलब्ध हैं, जिससे स्थानीय उत्पादों को बेहतर बाजार मिलने के साथ ग्रामीण आजीविका को भी नई मजबूती मिलेगी। कार्यक्रम में जिला पंचायत प्रतिनिधि सुंदर बोहरा, जिला परियोजना प्रबंधक ममराज सिंह चौहान, सहायक प्रबंधक (आजीविका) सुमित, सहायक प्रबंधक (सेल्स) अतुल, हरीश, दिव्यानी, स्वयं सहायता समूहों की सदस्याएं तथा क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
फोटो – अमोड़ी में सामुदायिक कॉस्मेटिक एवं क्लॉथ सेंटर का उद्घाटन करते मुख्य विकास अधिकारी डॉ. जी.एस. खाती।
चंपावत: अमोड़ी में महिलाओं के सपनों को मिली नई उड़ान, सामुदायिक कॉस्मेटिक एवं क्लॉथ सेंटर का शुभारंभ।
