चंपावत: ग्राम बिल्दे में कल से माँ ज्वाला देवी मंदिर की प्राण-प्रतिष्ठा, 23 जुलाई को विशाल भंडारा।

Share This Post

लोहाघाट/चंपावत। विकासखंड लोहाघाट के ग्राम बिल्दे में नव-निर्मित माँ ज्वाला देवी मंदिर में रविवार, 19 जुलाई से प्राण-प्रतिष्ठा एवं पंचदिवसीय धार्मिक अनुष्ठानों का शुभारंभ होगा। धार्मिक आयोजन 23 जुलाई तक चलेंगे, जिनका समापन पारायण, पूर्णाहुति और विशाल प्रसाद-भंडारे के साथ होगा। देवलिया पांडे परिवार के सामूहिक सहयोग से निर्मित इस भव्य मंदिर का निर्माण लगभग दो वर्ष पूर्व लिए गए संकल्प का परिणाम है। परिवार के सदस्यों ने आर्थिक सहयोग, श्रमदान और सामूहिक सहभागिता से मंदिर का निर्माण पूरा किया। आयोजन की विशेषता यह है कि हिमाचल प्रदेश स्थित माँ ज्वाला देवी के मूल धाम से लाई गई अखंड ज्योति की भी मंदिर में प्रतिष्ठापना की गई है।
देवलिया पांडे परिवार का इतिहास छह से सात पीढ़ियों पूर्व हिमाचल प्रदेश से जुड़ा माना जाता है।

परिवार के आदिपुरुष स्वर्गीय गुणानंद पांडे के ग्राम बिल्दे आने के बाद तीन राठों—ज्येष्ठ, मध्यमा और कनिष्ठ—की परंपरा आगे बढ़ी, जिनके परिवार आज भी अपनी जड़ों से जुड़े हुए हैं। ज्येष्ठ राठ के प्रमुख बिपिन चंद्र पांडे ने क्षेत्रवासियों, श्रद्धालुओं और प्रवासी ग्रामीणों से 23 जुलाई को आयोजित पारायण, पूर्णाहुति एवं विशाल प्रसाद-भंडारे में सपरिवार शामिल होकर माँ ज्वाला देवी का आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की है।
यह मंदिर केवल एक धार्मिक स्थल नहीं, बल्कि देवलिया पांडे परिवार की पीढ़ियों पुरानी आस्था, पारिवारिक एकता और सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक बनकर सामने आया है। क्षेत्रवासियों ने इस पुण्य कार्य के लिए परिवार के सामूहिक प्रयास की सराहना करते हुए शुभकामनाएं दी हैं।


Share This Post